राजगढ़ में 11वीं की छात्रा की संदिग्ध मौ.त, किराये के कमरे में फं.दे से लटका मिला श.व
नाहन। हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के राजगढ़ में एक स्कूली छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पीएमश्री राजकीय मॉडल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय राजगढ़ की कक्षा 11वीं की छात्रा का शव वीरवार को स्कूल के समीप स्थित किराये के कमरे में फंदे से लटका मिला। छात्रा मूल रूप से जिला शिमला के चौपाल की रहने वाली थी और कुछ समय से राजगढ़ में रहकर पढ़ाई कर रही थी।
विद्यालय के शिक्षकों के अनुसार छात्रा पढ़ाई में होनहार, अनुशासित और शांत स्वभाव की थी तथा शैक्षणिक और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में भी सक्रिय रहती थी। सुबह जब वह स्कूल नहीं पहुंची तो शुरुआत में इसे सामान्य अनुपस्थिति माना गया, लेकिन कुछ देर बाद उसके कमरे में शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही राजगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जानकारी के अनुसार, घटना के समय छात्रा कमरे में अकेली थी, जबकि उसकी माता एक पौधारोपण कार्यक्रम में गई हुई थीं।
इस दुखद घटना के बाद विद्यालय और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। शिक्षकों, सहपाठियों और स्थानीय लोगों ने छात्रा के असामयिक निधन पर गहरा दुःख व्यक्त किया है।






