मंडी के साथ भेदभाव कर रही सुक्खू सरकार, आपदा प्रभावित जिले का PDNA बजट रोका: जयराम ठाकुर
मंडी। हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने राज्य सरकार पर मंडी जिले की अनदेखी करने और आपदा राहत को लेकर भेदभाव करने का आरोप लगाया है। मंडी में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में आपदा से सबसे अधिक प्रभावित जिला मंडी रहा, जबकि सराज और धर्मपुर क्षेत्रों में भारी तबाही हुई थी। इसके बावजूद सरकार ने मंडी को मिलने वाला पीडीएनए (पोस्ट डिजास्टर नीड्स असेसमेंट) बजट रोक दिया है।
जयराम ठाकुर ने कहा कि लोक निर्माण विभाग, जल शक्ति विभाग, बिजली बोर्ड, कृषि और बागवानी विभाग की ओर से भेजी गई मांग के अनुसार मंडी जिले को पर्याप्त बजट मिलना चाहिए था, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। उन्होंने दावा किया कि पहले इस बजट को जारी करने पर सहमति बन गई थी, लेकिन बाद में मुख्यमंत्री ने इसे रोकने के आदेश दे दिए।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अब इस बजट में कटौती की तैयारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि आपदा को एक वर्ष बीत जाने के बावजूद कई प्रभावित परिवार आज भी राहत की प्रतीक्षा कर रहे हैं। कई लोगों ने अपने परिजन खोए, घर उजड़ गए और सड़क, पेयजल समेत बुनियादी सुविधाएं अब भी पूरी तरह बहाल नहीं हो पाई हैं।
जयराम ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री को आपदा प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदनशीलता दिखानी चाहिए और मंडी जिले के साथ किसी भी प्रकार की अनदेखी या भेदभाव बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।






