घुमारवीं में जबरन धर्म परिवर्तन के प्रयास का आरोप, 5 लाख रुपये और मासिक वजीफे का लालच!
बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले के घुमारवीं उपमंडल में कथित धर्म परिवर्तन के आरोपों को लेकर माहौल गर्मा गया है। क्षेत्र के कई ग्रामीणों ने पुलिस थाना घुमारवीं में शिकायत दर्ज कर आरोप लगाया है कि कुछ लोग ग्रामीणों को आर्थिक प्रलोभन देकर ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।
ग्रामीणों द्वारा दी गई शिकायतों के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि कुछ बाहरी लोगों और स्थानीय व्यक्तियों द्वारा गांवों में जाकर लोगों से संपर्क किया जा रहा है तथा उन्हें विभिन्न प्रकार के आर्थिक लाभ देने का प्रस्ताव रखा जा रहा है।
गांव हवाण निवासी संदीप कुमार ने पुलिस को दिए शिकायत पत्र में आरोप लगाया है कि वह एक स्थानीय स्टोर पर सामान खरीदने गया था, जहां कुछ लोगों ने उससे बातचीत के दौरान उसे और उसके परिवार को ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित किया। शिकायत के अनुसार, उसे कथित तौर पर पांच लाख रुपये और प्रतिमाह पांच हजार रुपये देने का प्रस्ताव भी दिया गया।
ग्रामीणों ने इस मामले में घुमारवीं क्षेत्र के चचेड़ा निवासी राजकुमार का नाम भी लिया है। हालांकि, इन आरोपों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस सभी तथ्यों की जांच कर रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्राप्त शिकायतों के आधार पर मामले के हर पहलू की गहनता से जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी और आवश्यक कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।






