हार के डर से 'बौखलाई' कांग्रेस अब 'प्रलोभन' की राजनीति पर उतरी: जयराम ठाकुर
अनंत ज्ञान, मंडी।
नगर निगम चुनाव प्रचार के अंतिम दिन पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुरने मंडी में भाजपा की ताकत का बड़ा प्रदर्शन करते हुए सभी 14 वार्डों में भव्य रोड शो निकाला और चौहट्टा बाजार में विशाल जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने दावा किया कि मंडी, पालमपुर, धर्मशाला और सोलन चारों नगर निगमों में भारतीय जनता पार्टी ऐतिहासिक जीत दर्ज करने जा रही है।
जनसभा को संबोधित करते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश की जनता कांग्रेस सरकार की जनविरोधी नीतियों, झूठी गारंटियों और विफल कार्यप्रणाली से पूरी तरह निराश हो चुकी है। उन्होंने कहा कि हिमाचल का हर वर्ग आज सरकार से परेशान है और जनता ने कांग्रेस को सत्ता से बाहर करने का मन बना लिया है। उन्होंने नगर निगम चुनावों को सिर्फ स्थानीय चुनाव नहीं बल्कि प्रदेश की राजनीति की दिशा तय करने वाला चुनाव करार दिया।
जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर आदर्श चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस हार के डर से बौखला गई है और अब प्रलोभन की राजनीति कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री चुनावी सभाओं में कांग्रेस समर्थित पार्षदों को जिताने पर वार्डों को 50 लाख से एक करोड़ रुपये तक देने की बात कह रहे हैं, जो लोकतांत्रिक मर्यादाओं के खिलाफ है। भाजपा इस मामले को चुनाव आयोग के समक्ष उठाकर कार्रवाई की मांग करेगी।
उन्होंने कहा कि मंडी में उमड़ा जनसैलाब भाजपा की जीत का स्पष्ट संकेत है। कार्यकर्ताओं का उत्साह और जनता का समर्थन यह साबित कर रहा है कि प्रदेश में बदलाव की लहर चल रही है। जयराम ठाकुर ने पार्टी कार्यकर्ताओं से मतदान तक पूरी ताकत के साथ जुटे रहने का आह्वान करते हुए कहा कि मतगणना के दिन कांग्रेस का चारों नगर निगमों से सूपड़ा साफ होना तय है।
स अवसर पर उनके साथ विधायक अनिल शर्मा, इंद्र सिंह गांधी, पूर्ण चंद, पूर्व मेयर वीरेंद्र भट्ट, भाजपा महामंत्री पायल वैद्य और जिलाध्यक्ष निहाल चंद भी उपस्थित रहे।






