कुटलैहड़ में रुके विकास कार्यों को पुन: शुरू करने की घोषणा करें सीएम: कंवर
उपमंडल बंगाणा के ऐतिहासिक पीपलू मेले के अवसर पर मुख्यमंत्री सुक्खू के प्रस्तावित आगमन को लेकर भाजपा ने स्वागत करते हुए उनसे कुटलैहड़ क्षेत्र में बंद हुए संस्थानों को पुन: खोलने और रुके विकास कार्यों को दोबारा शुरू करने की मांग की है। यह बात भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री वीरेंद्र कंवर ने कही। उन्होंने कहा कि पीपलू मेला, जिसे पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल के समय जिला स्तरीय दर्जा प्राप्त हुआ था, को भाजपा कार्यकाल में पशु मेले, विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी और खेलकूद कार्यक्रमों के साथ विस्तारित किया गया था। कंवर ने बताया कि वर्ष 2022 में मेले के आयोजन स्थल की सीमितता और मौसम के कारण उत्पन्न समस्याओं को देखते हुए जलशक्ति विभाग के रेस्ट हाउस और सड़क निर्माण की लगभग 2 करोड़ की डीपीआर तैयार की गई थी, जो सरकार बदलने के बाद अधर में लटक गई। पूर्व मंत्री ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि चूंकि यह मेला उनके गृह जिले के साथ पड़ता है और यहां के लोगों का भी मुख्यमंत्री को भरपूर समर्थन प्राप्त है, ऐसे में वह यहां कला एवं संस्कृति से संबंधित एक ऑडिटोरियम की घोषणा करें। वीरेंद्र ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार के सत्ता में आने के बाद कुटलैहड़ क्षेत्र के 14 संस्थान बंद कर दिए गए, जिन्हें पुन: आरंभ किया जाए। भाजपा कार्यकाल के दौरान कुटलैहड़ में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए कई योजनाएं शुरू की गई थीं, जो अब अधर में लटकी हैं। कंवर ने चेतावनी दी कि यदि मुख्यमंत्री कुटलैहड़ क्षेत्र के रुके हुए विकास कार्यों को शीघ्र शुरू करने की घोषणा नहीं करते, तो भाजपा जन आंदोलन की राह अपनाएगी। इस मौके पर भाजपा नेता एवं पूर्व मंडल अध्यक्ष चरणजीत शर्मा, बीडीसी सदस्य राजेंद्र रिकू, राकेश कुमार काला उपस्थित रहे।












