हिमाचल में मौसम का यू-टर्न, मनाली में बारिश तो लाहौल-स्पीति के दर्रों में भारी बर्फबारी
हिमाचल प्रदेश में मौसम ने करवट बदल ली है। पर्यटन नगरी मनाली में बारिश हो रही है, जबकि लाहौल-स्पीति के ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी से ठंड बढ़ गई है। रोहतांग, शिंकुला, बारालाचा और कुंजम दर्रे में हिमपात के चलते वाहनों की आवाजाही बंद कर दी गई है। लेह जाने वाले वाहनों को दारचा में रोका गया है, जबकि शिंकुला की ओर भी यातायात बंद है। दारचा, छीका, रारीक, कोकसर और मयाड़ घाटी सहित कई इलाकों में तीन से चार इंच तक बर्फबारी हुई है। अटल टनल के दोनों छोर और मढ़ी में भी बर्फ के फाहे गिर रहे हैं। डीएसपी केलंग केडी शर्मा ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों से खराब मौसम में अनावश्यक यात्रा से बचने और पुलिस की एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है।






