लोकतंत्र को कमजोर कर रही भाजपा विपक्ष की दबा रही आवाज: प्रतिभा
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष व पूर्व सांसद प्रतिभा ने वीरवार को कांग्रेस भवन बिलासपुर में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की और जिला स्तरीय संविधान बचाओ अभियान की शुरुआत की। प्रतिभा सिंह ने कहा कि बाबा साहेब डॉक्टर भीमराव अंबेडकर देश के संविधान में लोकतंत्र की मजबूती की जो नींव रखी थी, उस नींव को भाजपा कमजोर करने की कोशिश कर रही है। विपक्ष की आवाज को दबाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी देश में बढ़ती बेरोजगारी व महंगाई के खिलाफ आवाज उठा रहे हैं, पर सदन के अंदर उन्हें बोलने से रोका जाता है। उन्होंने कहा कि संविधान बचाओ 10 मई तक जिला स्तरीय उसके बाद 11 मई से 17 मई तक हर विधानसभा यानी ब्लॉक स्तर का और उसके बाद 20 मई से 30 मई तक कार्यकर्ता घर- घर जाकर लोगों को इस अभियान के महत्व से लोगों को जागरूक करेंगे। उन्होंने पार्टी के सभी नेताओं व कार्यकर्ताओं से इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया। बैठक में पूर्व मंत्री ठाकुर रामलाल, पूर्व विधायक बंबर ठाकुर, तिलक राज शर्मा ने भी बैठक को संबोधित किया।