गर्मी से राहत पाने को पर्यटकों ने किया कुल्लू और लाहौल-स्पीति का रुख
जिला कुल्लू व लाहौल-स्पीति में पर्यटकों का खूब जनसैलाब उमड़ पड़ा है। पर्यटन नगरी मनाली की ही बात करें, तो चार दिन में 65 हजार के करीब सैलानी मनाली पहुंचे हैं, जबकि अन्य पर्यटन स्थलों में भी रोजाना हजारों की संख्या में पर्यटकों का जमाबड़ा लग रहा है। चार दिन के भीतर मनाली 15 हजार पर्यटक वाहन पहुंचे हैं। सोमवार को लगभग 3100 पर्यटक वाहनों ने मनाली में दस्तक दी है। होटलों में आक्यूपेंसी 100 प्रतिशत पहुंच गई है, जबकि छोटे-बड़े अधिकतर होटल भी पैक होने लगे हैं। वहीं, रोहतांग दर्रे के लिए 1200 परमिट कम पड़ रहे हैं। सोमवार को रोहतांग दर्रे में पर्यटकों का सैलाब उमड़ पड़ा, जबकि शिंकुला और बारालाचा में भी काफी संख्या में पर्यटक वाहनों में पर्यटक पहुंचे। कुल्लू जिले की पर्यटन नगरी मनाली के माता हिडिंबा मंदिर, मनु मंदिर, धार्मिक पर्यटन स्थल वशिष्ठ, नग्गर, कोठी, सोलंग व हामटा में भी पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ी। वहीं, अटल टनल रोहतांग के नॉर्थ व साउथ पोर्टल सहित सिस्सू, कोकसर के अलावा मणिकर्ण, कसोल, जिभी, सोझा, तीर्थन घाटी में भी पर्यटकों का मेला लग रहा है। हालांकि, रोहतांग जाने वाली एचआरटीसी की इलेक्ट्रिक बसों की संख्या में बढ़ोतरी नहीं हुई है, लेकिन भीड़ को देखते हुए एचआरटीसी ने बसों की संख्या बढ़ाने की बात कही है। होटल एसोसिएशन के निवर्तमान उपाध्यक्ष रोशन ठाकुर ने कहा कि समर सीजन ने गति पकड़ ली है।
वाहनों की आमद बढऩे से बढ़ा ट्रैफिक जाम
मनाली में पर्यटक वाहनों की आमद बढ़ते ही ट्रैफिक जाम की समस्या गहरा गई है। मनाली सहित आसपास के पर्यटन स्थलों में सुबह-शाम भारी जाम लगा। सुबह से लेकर शाम तक पलचान से लेकर मनाली तक ट्रैफिक जाम लग रहा है। वहीं, तीर्थन बंजार, सोझा, जिभी, मणिकर्ण, कसौल में भी ट्रैफिक आम हो गया है।












