हिमाचल के स्कूलों में अब सिर्फ NCERT किताबें अनिवार्य, नियम तोड़ने वालों पर होगी कार्रवाई
शिमला: हिमाचल प्रदेश में अब स्कूलों में पढ़ाई को लेकर बड़ा फैसला लिया गया है। प्रदेश के सरकारी और निजी स्कूलों में कक्षा पहली से लेकर जमा दो तक केवल NCERT आधारित किताबों से ही पढ़ाई करवाना अनिवार्य होगा। शिक्षा विभाग ने साफ कर दिया है कि यदि कोई स्कूल अतिरिक्त या निजी प्रकाशकों की किताबें छात्रों पर थोपता पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जानकारी के अनुसार, कई निजी स्कूलों द्वारा महंगी निजी किताबें और गाइड खरीदने का दबाव अभिभावकों पर डाला जा रहा था, जिससे अभिभावकों की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा था। अब शिक्षा विभाग ने इस पर सख्त रुख अपनाते हुए स्पष्ट किया है कि केवल निर्धारित NCERT पुस्तकों से ही पढ़ाई करवाई जाएगी।
सरकार का मानना है कि NCERT किताबों से पढ़ाई होने पर पूरे प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था में एकरूपता आएगी और छात्रों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में भी मदद मिलेगी। NCERT की किताबें सरल भाषा, मानक पाठ्यक्रम और कम लागत के कारण देशभर में सबसे विश्वसनीय मानी जाती हैं।
शिक्षा विभाग ने स्कूल प्रबंधन को चेतावनी दी है कि नियमों की अनदेखी करने पर संबंधित संस्थानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। वहीं अभिभावकों से भी अपील की गई है कि यदि किसी स्कूल द्वारा अतिरिक्त किताबें खरीदने का दबाव बनाया जाता है तो इसकी शिकायत विभाग को दें।






