भगौत गोसदन को स्थानांतरित करने के निर्णय पर मचा बवाल
सनातन धर्म सभा चंबा के पदाधिकारियों ने भगौत गोशाला को स्थानांतरित करने के फैसले का विरोध किया है। सभा की बैठक में इस मामले पर पदाधिकारियों ने विस्तारपूर्वक चर्चा की। साथ ही आगामी रणनीति तैयार की। पदाधिकारियों का कहना है कि हाल ही में नगर परिषद चंबा की ओर से भगौत में कूड़ा संचय केंद्र स्थापित करने का फैसला लिया गया है। सभा इसका भी विरोध करती है। साथ ही नगर परिषद से गुहार लगाई कि गोसदन को शिफ्ट न किया जाए। बैठक की अध्यक्षता प्रधान सुरेश कश्मीरी ने की। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म के कारण ही हमारा अस्तित्व है। उनका कहना है कि हमारे इस धर्म का प्रमुख उद्देश्य अंधकार में फंसे हिंदुओं काे प्रकाश दिखाकर उन्हें जागरूक करना और कर्म निष्ठ बनाना है। इस मौके पर मौजूद नरेश महाजन, अजितेश शर्मा, ईश्वरी प्रसाद शर्मा, बुधिया राम, सुरेश कपूर, संदीप सुकेजा, सुभाष जोशी, धर्मवीर वैद , डाॅ. डीके सोनी और श्याम और अन्य सभी ने विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। सभी सदस्यों का कहना है कि सनातन धर्म सभा के भवन के 4,5 बड़े कमरों में पिछले कई वर्षों से संस्कृत महाविद्यालय चल रहा है। वर्ष 2022 से इस काॅलेज को सरकार की ओर से अधिकृत भी किया जा चुका है, लेकिन सरकार की और से इस भवन का किराया सनातन धर्म सभा चंबा को नहीं दिया जा रहा है। सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर उपायुक्त के माध्यम से सरकार से इसके बारे में आवश्यक कदम उठाने के लिए समर्थन दिया।












