ट्रैफिक जाम से निपटने को नाकाफी इंतजाम
जिले में समर सीजन ने रफ्तार पकड़ ली है। पर्यटक वाहनों की आमद भी दो गुना बढऩे लगी है। रोजाना जिले के विभिन्न पर्यटन स्थलों में हजारों की संख्या में पर्यटक वाहन पहुंच रहे हैं, जिससे ट्रैफिक जाम की समस्या गहरा गई है। आलम यह है कि ट्रैफिक जाम के कारण अटल टनल के नॉर्थ पोर्टल से लेकर मनाली तक जाम लग रहा है। वहीं, भुंतर- मणिकर्ण सड़क पर भी यही हालात रोजाना देखने को मिल रहे हैं और कई-कई किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतारें लग रही हैं। उधर, बंजार से लेकर जिभी व तीर्थन घाटी तक कई-कई घंटों तक जाम के कारण वाहनों के पहिए थम रहे हैं, जिस कारण पर्यटकों सहित आम जनता को भी दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं। ऐसे में जिला पुलिसप्रशासन की ओर से समर सीजन के चलते ट्रैफिक समस्या से निपटने को लेकर किए गए इंतजाम नाकाफी साबित हो रहे हैं। वहीं, पर्यटन नगरी मनाली में समर सीजन में ट्रैफिक व्यवस्था सुचारु रखने को 100 होम गार्ड व 100 अतिरिक्त पुलिस जवान तैनात किए जाते थे, लेकिन इस बार एक भी अतिरिक्त पुलिस जवान तैनात नहीं है, जबकि होम गार्ड भी 100 में से 50 ही तैनात किए गए हैं। बढ़ती पर्यटक वाहनों की संख्या के आगे मनाली की सड़कें छोटी पड़ रही है। पुलिस जवान न होने से यह समस्या और गंभीर हो गई है। जवानों की कमी के कारण जगह-जगह चालक ओवर टेक कर मनमानी कर रहे हैं, जिस कारण भारी ट्रैफिक जाम लग रहा है। माता हिडिंबा मंदिर व क्लब हाउस की ओर से टैम्पोट्रेवलर बंद करने से जाम की समस्या कम हुई है, लेकिन रांगड़ी से मनाली, प्रीणी अलेउ से मनाली और मनाली से पलचान तक ट्रैफिक जाम की भारी समस्या गहरा गई है। पलचान से रोहतांग दर्रे तक भी जाम लग रहा है। दर्रे में जाम लगने से पर्यटक परेशान हो रहे हैं। मनाली से नेहरूकुंड तक सुबह के समय कोट बूट की दुकानों के आगे वाहन बेतरतीव ढंग से खड़े हो रहे हैं, जिस कारण ट्रैफिक की समस्या उतपन्न हुई है। पुलिस जवानों की कमी के कारण इन वाहन चालकों पर शिकंजा नहीं कसा जा रहा है। उझी घाटी के निवासी डोले राज, पूर्ण चंद, वेद राम, तुला, गोकल व सुरेंद्र का कहना है कि पर्यटक वाहन बढ़ते ही मनाली में पुलिस जवानों की कमी खल रही है। उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि होम गार्ड की संख्या बढ़ाई जाए और अतिरिक्त पुलिस जवान तैनात किए जाएं। डीएसपी मनाली केडी शर्मा ने बताया कि 100 में से 50 होम गार्ड ही सेवाएं दे रहे हैं, जबकि कोई भी अतिरिक्त पुलिस जवान तैनात नहीं है। बावजूद इसके पुलिस देर रात तक सेवाएं दे रही है और ट्रैफिक को सुचारु रखने के हर संभव प्रयास कर रही है। लिहाजा, कुल्लू-मनाली-मणिकर्ण व बंजार घाटी के विभिन्न पर्यटन स्थलों में जहां पर्यटकों की संख्या लगातार बढ़ रही है। वहीं, ट्रैफिक समस्या भी इस कारण गहरा गई है, लेकिन इस समस्या से निपटने को लेकर सरकार, प्रशासन व पुलिस गंभीर नहीं दिख रहे, जिसका खामियाजा पर्यटकों सहित आम जनता को भुगतना पड़ रहा है।












