नाहन में मूसलाधार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त, एमसी कॉम्प्लेक्स में भरा पानी
जिला मुख्यालय नाहन में बुधवार दोपहर बाद सीजन की सबसे मूसलाधार बारिश हुई, जिससे शहर का जनजीवन प्रभावित हो गया। भारी बारिश के कारण शहर के आसपास बहने वाले नाले और खड्डें उफान पर आ गईं, जिससे लोगों में डर का माहौल रहा। बारिश का सबसे ज्यादा असर दिल्ली गेट स्थित एमसी कॉम्प्लेक्स में देखा गया, जहां गुरुद्वारे की नई इमारत की पार्किंग से आ रहे पानी ने सैलाब का रूप ले लिया। इसके चलते परिसर में एक फुट से ज्यादा पानी भर गया। अच्छी बात यह रही कि एक पहाड़ी चोटी पर बसे होने के कारण नाहन का ज्यादातर पानी ढलान की ओर बह गया, जिससे बड़ा नुकसान होने से बच गया। इसके बावजूद, शहर के आसपास के धार क्यारी, कोठरी, सैनवाला और तालों जैसे क्षेत्रों से बहने वाले छोटे नाले भी प्रचंड वेग से बहते देखे गए। हालांकि, भारी बारिश के दौरान शहर के मुख्य रास्ते सुरक्षित रहे, लेकिन कई जगहों पर वाहन चालकों को रुकना पड़ा। फिलहाल प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।












