हिमकेयर क्लेम घोटाले की जांच निजी अस्पतालों तक पहुंची, 160 अस्पताल विजिलेंस के रडार पर
शिमला। हिमाचल प्रदेश की महत्वाकांक्षी स्वास्थ्य योजना हिमकेयर के तहत किए गए उपचार दावों की जांच अब निजी अस्पतालों तक पहुंच गई है। आईजीएमसी के बाद अब विजिलेंस की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) ने प्रदेश के करीब 160 निजी अस्पतालों के हिमकेयर क्लेम रिकॉर्ड खंगालने शुरू कर दिए हैं।
एसआईटी की टीमें अस्पतालों में पहुंचकर मरीजों के इलाज से जुड़े दस्तावेज, बिल, भुगतान प्रक्रिया और क्लेम रिकॉर्ड की जांच कर रही हैं। जांच के दौरान यह देखा जा रहा है कि अस्पतालों की ओर से किए गए दावे हिमकेयर योजना के निर्धारित नियमों और गाइडलाइन के अनुसार हैं या नहीं।
प्रदेश सरकार की मंजूरी के बाद विजिलेंस ने हिमकेयर क्लेम की जांच तेज कर दी है। इसके तहत सरकारी और निजी अस्पतालों में योजना के माध्यम से हुए भुगतान की पूरी प्रक्रिया की पड़ताल की जा रही है। वहीं, ऑडिट विभाग भी हिमकेयर योजना के तहत हुए वित्तीय लेन-देन और भुगतान प्रक्रिया की अलग से समीक्षा कर रहा है।
विजिलेंस अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान यदि किसी अस्पताल, अधिकारी या संबंधित व्यक्ति की ओर से अनियमितता, फर्जीवाड़ा या नियमों का उल्लंघन सामने आता है तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।






