स्टाफ की कमी अब नहीं रोकेगी बच्चों की पढ़ाई, शिक्षक देंगे दो स्कूलों में सेवाएं
जिले के सरकारी स्कूलों में अब स्टाफ की कमी होने पर भी विद्यार्थियों की ऑनलाइन पढ़ाई प्रभावित नहीं होगी। आधुनिक उपकरणों के सुचारू प्रयोग को लेकर शिक्षक एक साथ दो स्कूलों में सेवाएं देंगे। इससे विद्यार्थियों को ऑनलाइन माध्यम से पढ़ाई करने में काफी सुविधा मिलेगी। शिक्षकों को पाठ्यक्रम के हिसाब से अपने स्कूल के साथ दो किलोमीटर के दायरे में स्थित स्कूलों में रिक्त पदों पर कार्य करना होगा। उच्चत्तर शिक्षा विभाग हमीरपुर की ओर से स्कूलों में रिक्त पदों के समाधान को लेकर स्टाफ को एक साथ दो स्थानों पर नियुक्त करने का निर्णय लिया हैए ताकि स्कूलों में विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो। वर्तमान में जिला के दो दर्जन स्कूलों में आईटी शिक्षकों के पद रिक्त हैं। ऐसे में विद्यार्थियों को कंप्यूटरों, क्यान प्रोजेक्टरों के माध्यम से पढ़ाई करने में परेशानी का समाना करना पड़ रहा है। स्टाफ न होने से स्कूलों में आधुनिक उपकरणों का प्रयोग नहीं हो पा रहा है, जिसके चलते अभिभावक लंबे समय से शिक्षा विभाग से समस्या का समाधान करने की मांग कर रहे थे। अब विद्यार्थियों की सुविधा के लिए विभाग ने स्कूलों में नई नियुक्ति तक आसपास के दायरे में स्थित स्कूलों के शिक्षकों को सेवाएं देने के निर्देश दिए हैं, ताकि स्कूलों में पढ़ाई प्रभावित न हो। शिक्षक होने पर विद्यार्थी भी आसानी से ऑनलाइन पढ़ाई कर सकेंगे।
स्कूलों में कंप्यूटर लैब का प्रयोग व ऑनलाइन माध्यम के संचालन के लिए शिक्षकों को एक साथ दो स्कूलों में नियुक्त किया गया है, जिससे एक साथ दो स्कूलों के विद्यार्थी आसानी से पढ़ाई कर सकेंगे। -डॉ. एमआर चौहान, उपनिदेशक, उच्चत्तर शिक्षा विभाग, हमीरपुर












