धर्मशाला पुलिस ने गग्गल से दो आरोपियों को किया गिरफ्तार, 15 तोला सोना और 4 किलो चांदी पर हाथ किया था साफ
धर्मशाला: पुलिस ने हाल ही में हुई एक बड़ी चोरी के मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया सोना-चांदी, नकदी और CCTV DVR भी बरामद कर लिया गया है। आरोपियों ने 28 और 29 जून की रात को इस बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। इस बड़ी चोरी की वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी।
दरअसल मेडिकल कॉलेज टांडा में तैनात डॉ. अंजली श्रीकांत चव्हाण ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि वो 28 जून को घर से बाहर गई थी। इसी दौरान उनके फतेहपुर स्थित रिहायशी मकान में असामाजिक तत्वों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। चोरी में पुश्तैनी सोने-चांदी के आभूषण, लगभग 3-4 किलो चांदी का सामान, तीन मंगलसूत्र, तीन जोड़ी सोने की बालियां, एक चांदी का नेकलेस, करीब 7-8 हजार रुपये नकदी और सबूत मिटाने के लिए CCTV की DVR भी चोरी कर ले गए थे।
चोरी का सामान बरामद
शिकायत मिलने पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मौके का निरीक्षण किया और वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। जांच के दौरान पुलिस ने संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लिया, जिनमें से दो आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। जिला कांगड़ा के एसपी कुलभूषण वर्मा ने बताया कि 'इस मामले में संलिप्त दो आरोपियों अंजू और चंदन निवासी बंगाली कॉलोनी गग्गल को गिरफ्तार किया है। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपियों ने ये भी बताया कि चोरी किया गया सामान हमीरपुर के आभूषण व्यापारी को दिया गया था। पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए हमीरपुर में रेड कर 15 तोला सोना और 1 किलो चांदी बरामद कर ली। पुलिस ने CCTV DVR भी बरामद कर ली है।'
वहीं, एसपी कांगड़ा ने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि लोग अपने घरों में CCTV कैमरे अवश्य लगाएं, ताकि इस प्रकार की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके। पुलिस ने बताया कि मामले में आगामी जांच जारी है और इसमें संलिप्त अन्य आरोपियों/व्यक्तियों को भी बख्शा नहीं जाएगा।






