भू-स्खलन से पठानकोट-भरमौर एनएच-154ए चार घंटे रहा बाधित
तेज बारिश के चलते पठानकोटभरमौर राष्ट्रीय उच्च मार्ग (एनएच-154ए) पर बग्गा और राख के बीच भारी भू-स्खलन हो गया, जिससे सड़क मार्ग चार घंटे तक पूरी तर बाधित रहा। इस दौरान दोनों ओर सैकड़ों वाहन फंस गए और यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों ने बताया कि इस मार्ग पर भू-स्खलन की यह समस्या पहले भी सामने आ चुकी है। उन्होंने राष्ट्रीय उच्च मार्ग विभाग से अपील की कि बरसात के मौसम में सड़क बाधित होने की स्थिति में उसे जल्द से जल्द खोलने के लिए ठोस और समयबद्ध प्रबंध किए जाएं, ताकि लोगों को परेशानी से बचाया जा सके। इस घटना पर एनएच-154ए के सहायक अभियंता डीसी शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया के जैसे ही हमें भू-स्खलन और मार्ग बंद होने की सूचना मिली, हमारी टीम ने तुरंत जेसीबी मशीन सहित मौके पर पहुंचकर मार्ग को खोलने का कार्य शुरू किया और कुछ ही घंटों में यातायात बहाल कर दिया गया। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से यह भी मांग की है कि ऐसी संवेदनशील जगहों पर स्थायी समाधान निकाला जाए, ताकि हर बार बारिश के बाद जनजीवन प्रभावित न हो।












