ऊना में नशे के खिलाफ उमड़ा युवाओं का सैलाब, CM सुक्खू की अगुवाई में हजारों युवाओं ने लिया चिट्टा छोड़ने और जागरूकता फैलाने का संकल्प
ऊना में नशे के खिलाफ बुधवार को हजारों युवाओं और विद्यार्थियों ने एकजुट होकर बड़ा संदेश दिया। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की अगुवाई में इंदिरा गांधी खेल मैदान से एंटी चिट्टा वॉकथॉन शुरू हुई, जो आईएसबीटी ऊना तक पहुंची और फिर वापस खेल मैदान में संपन्न हुई। इस आयोजन का लक्ष्य करीब 30 हजार युवाओं और विद्यार्थियों को जोड़ना था। वॉकथॉन में स्कूली विद्यार्थियों के साथ आईटीआई प्रशिक्षु, कॉलेज छात्र और आम लोग भी शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान युवाओं ने नशा न करने और समाज में नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने की शपथ ली। आयोजन के जरिए यह संदेश देने की कोशिश की गई कि चिट्टे के खिलाफ लड़ाई में समाज के हर वर्ग की भागीदारी जरूरी है। सुरक्षा और व्यवस्था के लिए भारी पुलिस बल तैनात रहा और ड्रोन से भी निगरानी की गई। प्रतिभागियों की आवाजाही के लिए एचआरटीसी, निजी और स्कूली बसों समेत करीब 600 बसों की व्यवस्था की गई। वॉकथॉन के चलते ऊना शहर में यातायात व्यवस्था में भी बदलाव किया गया।






