नगर निगम ने हटाईं अवैध झुग्गियां, नगर निगम आयुक्त के निर्देशों पर हुई यह कार्रवाइ
अवैध अतिक्रमण हटाने और सार्वजनिक भूमि को पुन: प्राप्त करने के अभियान को आगे बढ़ाते हुए, नगर निगम चंडीगढ़ ने आज निरंकारी भवन, मौली लिंक रोड, मनीमाजरा के पास स्थित अवैध झुग्गियों को हटाने की कार्रवाई की। नगर निगम आयुक्त अमित कुमार, आईएएस के स्पष्ट निर्देशों के अनुसार, एमसीसी की संयुक्त प्रवर्तन एवं इंजीनियरिंग टीम ने यह अभियान चलाया। इस दौरान पॉकेट नंबर 6, मनीमाजरा में स्थित कई अवैध झुग्गियों-झोपडिय़ों को तोड़ा गया। ये अतिक्रमण न केवल आम जनता की आवाजाही में बाधा उत्पन्न कर रहे थे, बल्कि क्षेत्र में सुरक्षा, स्वच्छता और बुनियादी ढांचे को लेकर भी गंभीर समस्याएं पैदा कर रहे थे। यह कार्रवाई पुलिस और नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में शांतिपूर्वक तरीके से संपन्न हुई। अभियान के दौरान सार्वजनिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त प्रबंध किए गए थे। आयुक्त ने दोहराया कि नगर निगम शहरभर में किसी भी प्रकार के अवैध अतिक्रमण के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करता रहेगा। उन्होंने यह भी कहा कि सार्वजनिक भूमि की सुरक्षा अत्यंत आवश्यक है ताकि उसका उपयोग योजनाबद्ध विकास और जनकल्याण के लिए किया जा सके।
पटेल मार्केट में किए 52 चालान
शहर के विभिन्न बाजार क्षेत्रों में बढ़ते अतिक्रमण को गंभीरता से लेते हुए, नगर निगम आयुक्त अमित कुमार, आईएएस ने संयुक्त आयुक्त सुमीत सिहाग को निर्देश दिए हैं कि वे स्वयं अचानक निरीक्षण करें, अवैध गतिविधियों की जांच करें और सार्वजनिक व्यवस्था बहाल करें। इन निर्देशों पर कार्रवाई करते हुए सुमीत सिहाग ने रविवार शाम सेक्टर 15 पटेल मार्केट और आस-पास के रेहड़ी स्थल का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान कई अवैध विक्रेता सार्वजनिक रास्तों और बाजार की जगह पर कब्जा करते पाए गए, जिससे पैदल चलने वालों को परेशानी और खरीदारों व दुकानदारों को असुविधा हो रही थी। निरीक्षण के परिणामस्वरूप, अवैध अतिक्रमण के लिए कुल 52 चालान मौके पर ही जारी किए गए। संयुक्त आयुक्त ने प्रवर्तन कर्मचारियों और क्षेत्रीय पर्यवेक्षकों को निर्देश दिए कि वे सख्त निगरानी बनाए रखें और सुनिश्चित करें कि ऐसे उल्लंघन दोबारा न हों। नगर निगम चंडीगढ़ सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ, सुरक्षित और सभी के लिए सुलभ बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है। विभिन्न बाजार क्षेत्रों में नियमित प्रवर्तन अभियान जारी रहेंगे और बार-बार उल्लंघन करने वालों पर सख्त जुर्माना लगाया जाएगा ताकि सार्वजनिक स्थानों में अनुशासन और व्यवस्था बनी रहे।












