लाहुल-स्पीति:म्याड़ नाला में ब्रश कर रहे HRTC कंडक्टर के सिर पर गिरा पत्थर, मौके पर गई जान
केलंग। हिमाचल प्रदेश में पहाड़ियों से पत्थर गिरने की घटनाएं लगातार जानलेवा साबित हो रही हैं। प्रदेश में दो दिनों के भीतर ऐसी घटनाओं में दूसरी मौत सामने आई है। ताजा मामला जनजातीय जिला लाहुल-स्पीति के उदयपुर उपमंडल का है, जहां पहाड़ी से गिरे पत्थर की चपेट में आने से एचआरटीसी के परिचालक ज्ञान सिंह की दर्दनाक मौत हो गई।
मृतक ज्ञान सिंह जिला मंडी की जोगिंद्रनगर तहसील के लडभड़ोल गांव के निवासी थे और एचआरटीसी की बस में परिचालक के रूप में तैनात थे।
सुबह ब्रश करते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, बस अपने निर्धारित रूट पर थी। सुबह के समय म्याड़ नाला स्थित प्राकृतिक जल स्रोत के पास बस को कुछ देर के लिए रोका गया था। इस दौरान चालक और परिचालक हाथ-मुंह धोने और फ्रेश होने के लिए नीचे उतरे। परिचालक ज्ञान सिंह ब्रश कर रहे थे कि तभी अचानक पहाड़ी से एक बड़ा पत्थर लुढ़ककर सीधे उनके सिर पर आ गिरा। चोट इतनी गंभीर थी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही उदयपुर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी। एचआरटीसी केलंग के क्षेत्रीय प्रबंधक (आरएम) अंचित शर्मा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पहाड़ी से पत्थर गिरने के कारण परिचालक ज्ञान सिंह के सिर में गंभीर चोट लगी, जिससे उनका निधन हो गया।
दो दिनों में दूसरी मौत
गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले मंडी जिले में भी इसी तरह का दर्दनाक हादसा हुआ था। नालागढ़ की एक महिला अपने परिवार के साथ मणिकर्ण जा रही थी। रास्ते में वह अपने बच्चे को शौच करवाने के लिए वाहन से नीचे उतरी थी, तभी पहाड़ी से गिरे पत्थर की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई।
मानसून की शुरुआत के साथ ही प्रदेश में भूस्खलन और पहाड़ियों से पत्थर गिरने की घटनाएं बढ़ने लगी हैं। ऐसे में प्रशासन ने लोगों से यात्रा के दौरान विशेष सावधानी बरतने और संवेदनशील क्षेत्रों में अनावश्यक रूप से वाहन से बाहर न निकलने की अपील की है।






