मंडी की सियासत में अनिल शर्मा के बयान से हलचल, बोले- सांसदों से मदद नहीं मिली तो CM सुक्खू से मांगी धनराशि
मंडी की सियासत में सदर से भाजपा विधायक एवं पूर्व मंत्री अनिल शर्मा के कोट-तुंगल में दिए बयान को लेकर चर्चा तेज हो गई है। बुधवार को खेलकूद प्रतियोगिता के समापन समारोह में विकास कार्यों के लिए धनराशि जुटाने के अपने प्रयासों का जिक्र करते हुए अनिल शर्मा ने कहा कि कोटली में पार्किंग निर्माण के लिए उन्होंने सांसदों से 25-25 लाख रुपये की मदद मांगी थी, लेकिन सहायता नहीं मिली। इसके बाद वह मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू से मिले और उनके समक्ष पार्किंग निर्माण का मामला रखा। विधायक के मुताबिक कोटली में पार्किंग के लिए करीब दो करोड़ रुपये की जरूरत थी और धनराशि मिलने के बाद काम शुरू हो गया है। उन्होंने कॉलेज भवन के लिए 80 लाख रुपये मिलने की भी बात कही। भाजपा विधायक के मंच से मुख्यमंत्री का जिक्र और सांसदों से मदद नहीं मिलने का बयान इसलिए चर्चा में है क्योंकि हिमाचल के चारों लोकसभा सांसद भाजपा से हैं। हालांकि, संबंधित सांसदों या मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से इन दावों पर अलग से कोई प्रतिक्रिया उपलब्ध नहीं है। अनिल शर्मा ने कहा कि सदर क्षेत्र में जिन विकास कार्यों की नींव रखी गई है, उन्हें पूरा करवाने के लिए वह लगातार प्रयास करते रहेंगे।






