बारिश का कहर: निरमंड में फ्लैश फ्लड से स्कूल भवन ध्वस्त, 500 से अधिक सेब के पौधे तबाह; ठियोग में मलबे में दबी कार
कुल्लू/शिमला: हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने कुल्लू जिले के निरमंड क्षेत्र में भारी तबाही मचाई है। फ्लैश फ्लड और भूस्खलन से सरकारी स्कूल भवन ध्वस्त हो गया, सैकड़ों सेब के पौधे नष्ट हो गए और कई मकानों व गोशालाओं को नुकसान पहुंचा है। वहीं शिमला के ठियोग में पहाड़ी से गिरे मलबे की चपेट में आने से एक कार क्षतिग्रस्त हो गई।
फ्लैश फ्लड में ढहा स्कूल भवन
निरमंड की बारी पंचायत के पांकवा गांव में वर्ष 1993 में बना सरकारी प्राथमिक विद्यालय फ्लैश फ्लड और भूस्खलन की चपेट में आकर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा स्कूल भवन पर गिरने से इमारत उपयोग के लायक नहीं रही। राहत की बात यह रही कि हादसा रात के समय हुआ, इसलिए कोई जनहानि नहीं हुई।
मलबे में दबा बच्चों का रिकॉर्ड
स्कूल भवन के ध्वस्त होने से बच्चों का शैक्षणिक रिकॉर्ड, महत्वपूर्ण दस्तावेज और अन्य सामान भी मलबे में दब गया है। भवन का बचा हुआ हिस्सा भी कभी भी गिर सकता है, जिससे रिकॉर्ड निकालना जोखिम भरा हो गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द निरीक्षण कर बच्चों की पढ़ाई के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करने और जरूरी दस्तावेज सुरक्षित निकालने की मांग की है।
500 से ज्यादा सेब के पौधे तबाह, मकानों पर मंडराया खतरा
बारिश और भूस्खलन से क्षेत्र में 500 से अधिक सेब के पौधे नष्ट हो गए हैं, जबकि कई गोशालाएं और अन्य भवन भी क्षतिग्रस्त हुए हैं। प्रारंभिक आकलन के अनुसार लक्ष्मण राठौर, महेश्वर सिंह ठाकुर, हिमेश अजेय, श्याम सिंह, सेस राम और सोहन लाल सहित कई बागवानों को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
लगातार हो रहे भूस्खलन के कारण सेस राम का मकान भी खतरे की जद में आ गया है। एहतियात के तौर पर परिवार को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया है।
रातभर दहशत में रहे लोग
टिकरी कैंची और छोए-छोए नालों में अचानक जलस्तर बढ़ने से आसपास के गांवों में दहशत फैल गई। कई परिवारों ने एहतियातन अपने घर छोड़ दिए, जबकि कुछ लोगों ने पूरी रात सड़क किनारे खड़ी गाड़ियों में बिताई।
ठियोग में कार पर गिरा मलबा
उधर, शिमला जिले के ठियोग क्षेत्र में प्रेमघाट बाईपास सड़क पर पहाड़ी से मलबा गिरने से एचपी-23 डी-7742 नंबर की कार उसकी चपेट में आ गई। हादसे में वाहन को भारी नुकसान पहुंचा है। हालांकि घटना के समय कार में किसी के मौजूद होने की सूचना नहीं है।
लगातार हो रही बारिश के बीच प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने तथा मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने की अपील की है।






