पेट्रोल-डीजल सेस पर गरमाई सियासत, जयराम बोले- 'सुख के नाम पर शुल्क की सरकार'
हिमाचल में पेट्रोल और हाई-स्पीड डीजल पर 60 पैसे प्रति लीटर अनाथ एवं विधवा सेस लागू होने के बाद भाजपा ने सुक्खू सरकार पर हमला बोला है। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि सरकार जनता पर लगातार टैक्स और शुल्क का बोझ डाल रही है। उन्होंने तंज कसा कि कांग्रेस की ‘सुख की सरकार’ अब ‘शुल्क की सरकार’ बन गई है।
जयराम ठाकुर ने कहा कि डीजल पर पहले ही दो बार VAT बढ़ाया जा चुका है और अब पेट्रोल-डीजल पर नया सेस लगाया गया है। उन्होंने कहा कि पहाड़ी राज्य में ईंधन महंगा होने से ढुलाई लागत बढ़ेगी, जिसका असर आम जरूरत की वस्तुओं की कीमतों पर भी पड़ सकता है।
भाजपा विधायक राकेश जम्वाल ने भी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उसकी नीति ‘टैक्स बढ़ाओ, सेस लगाओ और जनता पर बोझ डालो’ बन गई है। उन्होंने डीजल VAT और सीमेंट पर टैक्स बढ़ाने का मुद्दा उठाते हुए नए सेस पर पुनर्विचार की मांग की।
शिमला जिला परिषद चुनाव को लेकर भी हमला
भाजपा विधायक बलबीर वर्मा ने शिमला जिला परिषद अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव में देरी को लेकर सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि भाजपा के 13 समर्थित सदस्य एकजुट हैं और कुछ अन्य सदस्य भी संपर्क में हैं। वर्मा ने सरकार से तत्काल चुनाव की तारीख घोषित करने की मांग की।






