कुल्लू के आनी में चट्टान गिरने से खाई में गिरी कार, डॉक्टर दंपति की मौत; बेटी गंभीर घायल
रामपुर: हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही बारिश के बीच पहाड़ी क्षेत्रों में सफर करना एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ है. कुल्लू जिले के आनी उपमंडल में राणाबाग-देवरी सड़क मार्ग पर शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया. पहाड़ी से अचानक बड़े-बड़े पत्थर गिरने से एक कार चपेट में आ गई और अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी. हादसे में कार सवार डॉक्टर और उनकी पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई.
हादसा शुक्रवार सुबह करीब 10:30 बजे हुआ. कार पहाड़ी रास्ते से गुजर रही थी कि तभी ऊपर से बड़े-बड़े पत्थर गिरने लगे. देखते ही देखते एक बड़ा पत्थर कार पर आ गिरा, जिससे चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और कार गहरी खाई में जा समाई.
दंपति की मौके पर मौत
जानकारी के अनुसार, कार में तीन लोग सवार थे. हादसे में स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. ब्रिज ठाकुर (60) और उनकी पत्नी सुनीता (54) की मौके पर ही मौत हो गई. डॉ. ब्रिज ठाकुर रामपुर के खनेरी अस्पताल के साथ ही अपना निजी क्लीनिक चलाते थे. वहीं, हादसे में घायल उनकी बेटी भव्या (18) को स्थानीय लोगों और राहत दल की मदद से खाई से बाहर निकालकर तुरंत आनी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है.
घटना की सूचना मिलते ही जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, पुलिस और प्रशासन की टीमें भी मौके पर पहुंची. ग्राम पंचायत करशैगाड़ के प्रधान और जिला पुलिस कंट्रोल रूम से सूचना मिलने के बाद पुलिस थाना आनी, तहसीलदार आनी और बीएमओ आनी को भी मौके पर भेजा गया. जिसके बाद राहत एवं बचाव अभियान चलाकर क्षतिग्रस्त वाहन से लोगों को बाहर निकाला गया.
लगातार बारिश से बढ़ा खतरा
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसा इतना अचानक हुआ कि चालक को संभलने का कोई मौका नहीं मिला. लगातार हो रही बारिश के कारण पहाड़ कमजोर हो रहे हैं और कई स्थानों पर भूस्खलन व चट्टानें गिरने की घटनाएं बढ़ गई हैं. प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और पहाड़ी मार्गों पर अतिरिक्त सतर्कता बरतने की अपील की है.
डीएसपी आनी राजीव ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर भेज दिए गए थे. घायल लड़की का उपचार जारी है, जबकि हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है. पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.






