हमीरपुर में शादी के नाम पर लाखों की ठगी, दूसरी ओर सात फेरे लेने के कुछ घंटे बाद ही टूटा रिश्ता
हमीरपुर: हिमाचल प्रदेश में शादी से जुड़े दो अलग-अलग मामलों ने लोगों को हैरान कर दिया है। एक ओर शादी का झांसा देकर लाखों रुपये और सोने के आभूषण ठगने का मामला सामने आया है, वहीं दूसरी ओर ऊना में सात फेरे लेने के कुछ घंटे बाद ही नवविवाहित जोड़े ने आपसी सहमति से रिश्ता खत्म कर दिया।
शादी का झांसा देकर 18 लाख रुपये और जेवर ठगे
हमीरपुर जिले की पुलिस चौकी अवाहदेवी में दर्ज शिकायत के अनुसार, संगरोह गांव की कुसुम लता ने बताया कि युवती के भाई ने खुद को कांगड़ा बस स्टैंड के पास का निवासी बताया था। दोनों परिवारों की सहमति के बाद 20 जून को चंडीगढ़ में रिंग सेरेमनी हुई, जिसमें वर पक्ष ने होने वाली दुल्हन को सोने के आभूषण और महंगे उपहार दिए।
शिकायत के मुताबिक, इसके बाद दुल्हन पक्ष ने व्यापार में निवेश और अन्य जरूरतों का हवाला देकर अलग-अलग किस्तों में गूगल पे के माध्यम से करीब 18 लाख रुपये अपने खातों में ट्रांसफर करवा लिए। शादी की तारीख 12 जुलाई तय की गई थी, लेकिन 7 जुलाई को युवती के भाई ने कनाडा में रिश्तेदार के निधन का बहाना बनाकर संपर्क तोड़ दिया। बाद में जब मैरिज पैलेस में जानकारी ली गई तो पता चला कि वहां शादी की कोई बुकिंग ही नहीं थी। इसके बाद पीड़ित परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सुबह हुई शादी, शाम तक खत्म हुआ रिश्ता
वहीं, ऊना जिले के अंबोटा गांव में विवाह के कुछ घंटे बाद ही रिश्ता टूट गया। बगलामुखी मंदिर में हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार शादी संपन्न हुई, लेकिन विदाई के समय दुल्हन ने ससुराल जाने से इनकार कर दिया।
मामले की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों परिवारों के बीच लंबी बातचीत हुई। आखिरकार दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से इस रिश्ते को आगे न बढ़ाने का फैसला लिया। इसके बाद मामला शांतिपूर्वक समाप्त हो गया।






