3 साल से रेंट न देने पर उपतहसील धरवाला के कार्यालय को लगाए ताले
उपतहसील धरवाला कार्यालय को सोमवार सुबह मकान मालिक ने ताले लगा दिए हैं। पिछले तीन वर्षों से तहसील कार्यालय का किराया ना मिलने पर ताले लगाए गए हैं। मकान मालिक त्रिपता देवी ने बताया कि उन्हें पिछले तीन वर्षों से तहसील कार्यालय का किराया नहीं मिला है। कई बार डीसी चंबा, एसडीएम चंबा और नायब तहसीलदार धरवाला को किराए के भुगतान के लिए चिट्ठी लिखी गई, लेकिन कोई असर नहीं पड़ा। तहसील कार्यालय को ताले लगाने की सूचना नायब तहसीलदार को पिछले 15 दिन पहले दे दी गई थी कि अगर एक जून तक उनका किराया नहीं दिया गया तो उसके बाद तहसील कार्यालय को ताला लगा दिया जाएगा। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि जब तक उन्हें किराए का पूरा भुगतान नहीं होता तब तक तहसील कार्यालय के ताले नहीं खोलेंगी। तहसील कार्यालय को ताले लगने से लोगों के कामकाज प्रभावित हो रहें हैं। उधर नायब तहसीलदार धरवाला रूप सिंह नेगी ने कहा कि उप तहसील धरवाला कार्यालय को ताले लगने और किराए का भुगतान न होने की सूचना डीसी चंबा और एसडीएम चंबा को दे दी गई है।












