हिमाचल आने वालों के लिए खुशखबरी: चंडीगढ़-कुल्लू हेलीकॉप्टर किराया 3,000 रुपये सस्ता, अब सिर्फ ₹5,500 में सफर
हिमाचल प्रदेश आने वाले पर्यटकों और स्थानीय यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। हेरिटेज एविएशन ने मानसून सीजन के दौरान चंडीगढ़-कुल्लू हेलीकॉप्टर सेवा पर विशेष छूट की घोषणा की है। अब यात्रियों को ₹8,500 की बजाय सिर्फ ₹5,500 प्रति सीट का किराया देना होगा। यानी प्रत्येक यात्री को ₹3,000 की सीधी बचत होगी। यह ऑफर सीमित अवधि के लिए लागू रहेगा।
यह हेलीकॉप्टर सेवा चंडीगढ़–मंडी–कुल्लू रूट पर संचालित की जा रही है। चंडीगढ़ से सुबह 10:00 बजे उड़ान भरने वाला हेलीकॉप्टर 10:45 बजे कुल्लू पहुंच जाता है। इस तरह पूरी यात्रा महज 45 मिनट में पूरी हो जाती है, जो सड़क मार्ग की तुलना में काफी तेज और सुविधाजनक है।
वापसी में हेलीकॉप्टर सुबह 9:00 बजे कुल्लू से उड़ान भरता है और 9:45 बजे चंडीगढ़ पहुंच जाता है। बीच में मंडी के कांगणीधार हेलीपोर्ट पर संक्षिप्त ठहराव भी होता है।
हेरिटेज एविएशन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रोहित माथुर ने बताया कि मानसून स्पेशल ऑफर का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को तेज, सुरक्षित और किफायती हवाई यात्रा उपलब्ध कराना है। उनका कहना है कि इससे न केवल पर्यटकों को लाभ मिलेगा, बल्कि स्थानीय यात्रियों की आवाजाही भी आसान होगी और राज्य में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।






