हिमाचल में बस सफर होगा डिजिटल, 'हिम बस प्लस कार्ड' से किराये में मिलेगी 15% तक छूट
शिमला: हिमाचल प्रदेश में बस यात्रियों के सफर का अनुभव अब पूरी तरह बदलने वाला है। अलग-अलग पास और ट्रैवल कार्ड रखने का झंझट जल्द खत्म होने जा रही है, क्योंकि हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) सभी यात्रियों के लिए एकीकृत 'हिम बस प्लस कार्ड' लॉन्च करने की तैयारी में अंतिम चरण में पहुंच चुका है।
'हिम बस प्लस कार्ड' लॉन्च करने की तैयारी
यह स्मार्ट और पूरी तरह डिजिटल कार्ड टिकटिंग व्यवस्था को आसान बनाने के साथ यात्रियों को हर सफर पर सीधी बचत का भी लाभ देगा। खास बात यह है कि महज एक रुपये प्रतिदिन की लागत वाले इस कार्ड से सभी यात्रियों को 5 फीसदी तक की छूट, जबकि वरिष्ठ नागरिकों को 15 फीसदी तक का विशेष डिस्काउंट मिलेगा। इतना ही नहीं, अब जितना अधिक सफर होगा, उतनी ही ज्यादा बचत भी होगी।
डिजिटल डाटा रहेगा सुरक्षित
एचआरटीसी का यह नया डिजिटल कार्ड प्रदेश की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था में बड़ा बदलाव लाने वाला माना जा रहा है। इसमें पहले से जारी सभी तरह के ट्रैवल कार्ड, पास और रियायती सुविधाओं को एक ही प्लेटफॉर्म पर समाहित किया जाएगा। यानी छात्र, कर्मचारी, नियमित यात्री और वरिष्ठ नागरिक सभी को एक ही कार्ड पर अपनी यात्रा संबंधी सुविधाएं मिलेंगी।
कार्ड में यात्रियों का डिजिटल डाटा
कार्ड में यात्रियों का पूरा डिजिटल डाटा सुरक्षित रहेगा, जिससे टिकट बुकिंग, भुगतान और पहचान की प्रक्रिया पहले से अधिक तेज, पारदर्शी और सुरक्षित होगी। निगम का मानना है कि इस पहल से यात्रियों को सुविधा मिलने के साथ-साथ टिकटिंग प्रणाली आधुनिक होगी, फर्जीवाड़े पर रोक लगेगी और एचआरटीसी के राजस्व में भी बढ़ोतरी होगी। तकनीकी तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं और जल्द ही इसका पायलट प्रोजेक्ट शुरू कर प्रदेशभर में इसे चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा।






