स्वास्थ्य मंत्रालय की नई पहल: 1800-313-7952 पर कॉल कर बताएं दवा खाई या नहीं
देश समेत हिमाचल प्रदेश में क्षय रोग मरीज के दवा खाने का पता लगाने प्रणाली में स्वास्थ्य मंत्रालय ने बदलाव कर दिया है। अब प्रदेश में क्षय रोग मरीजों को दवा खाने के बाद एक ही नंबर पर संपर्क करना होगा। इससे पहले दवाओं के पीछे लिखे गए नंबर पर जानकारी देनी पड़ती थी, लेकिन अब नंबर में बदलाव कर दिया है। इससे मरीजों के लिए सुगम व्यवस्था शुरू हो गई है। इससे मरीजों को परेशानी भी नहीं आएगी। स्वास्थ्य मंत्रालय ने 99 डॉट्स लाइट प्रणाली शुरू की है। इसमें अब टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1800-313-7952 ही संपर्क कर मरीज के दवा खाने की जानकारी विभाग के पॉर्टल पर अपलोड हो जाएगी। नई प्रणाली में खास है कि अब क्षय रोग मरीजों को दवाइयों के पैकेट को बार -बार नहीं देखना पड़ेगा। एक बार नंबर सेव करने पर दवा लेने के बाद केवल एक कॉल करनी है। वहीं, स्वास्थ्य विभाग को भी विशेष पैकेट नहीं बनवाने पड़ेंगे। इससे पहले प्रदेश में 99 डॉट्स डिजिटल टूल का उपयोग किया जाता था। इसमें क्षय रोग की दवा के पैकेट पर विशेष प्रकार के नंबर होते थे। इन दवाओं को लेने पर मरीज विशेष नंबर पर कॉल करके पुष्टि करते थे कि उन्होंने दवा ले ली है। इसके बाद जानकारी जिला, प्रदेश व स्वास्थ्य मंत्रालय को अपलोड हो गई है। गौर रहे कि प्रदेश को क्षय रोग मुक्त बनाने के लिए स्वास्थ्य महकमा तेजी से कार्य कर रहा है। घरद्वार पर अभियान चलाया जा रहा है।
पुराने पॉर्टल के जरिए काफी दिक्कत आती थी
जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. गगन ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग को 99 डॉट्स पुराने पॉर्टल के जरिए काफी दिक्कत आती थी। कई बार विभाग को पोर्टल पर स्वयं अपलोड करना पड़ता था, क्योंकि दवा पर कोड अक्सर नमी या ऊबड़-खाबड़ क्षेत्रों में खराब हो जाते थे। इससे वे संपर्क नहीं कर पाते थे, लेकिन अब नया नंबर जारी कर दिया है। इसके लिए फील्ड स्टाफ को निर्देश दे दिए हैं कि वे क्षय रोग मरीजों को इसकी जानकारी दें। प्रदेशभर में 99 डॉट्स लाइट नई योजना शुरू हो गई है। क्षय रोग मरीजों को इसके शुरू होने से दवा की जानकारी देने में आसानी होगी। मरीज अब एक ही नंबर पर कॉल कर दवा खाने की जानकारी दे सकते हैं। इसके बारे में आशा वर्कर क्षय रोग मरीजों को जानकारी दे रहे हैं। -डॉ. अजय पाठक, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, सोलन












