भारत माता की जय के नारों से गूंजा बकलोह, गोरखा सोशल वेलफेयर कमेटी की अगुवाई में लोगों ने निकाली तिरंगा यात्रा
चंबा जिले के भटियात विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत बकलोह में रविवार को देशभक्ति की अद्भुत मिसाल पेश करते हुए गोरखा सोशल वेलफेयर कमेटी, बकलोह के अध्यक्ष कमल थापा की अगुवाई में एक भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यह यात्रा ककीरा रेस्ट हाउस से आरंभ होकर कुमलाडी, चिलामा, घटासनी और बकलोह होते हुए कालूगंज तक पहुंची। इस ऐतिहासिक तिरंगा यात्रा में बकलोह क्षेत्र के सभी वर्गों के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। पुरुषों के साथ-साथ महिलाओं, युवाओं और बच्चों ने भी पूरे जोश और उत्साह के साथ भागीदारी निभाई। भारत माता की जय के नारों से वातावरण गूंज उठा, वहीं पाकिस्तान के खिलाफ नारेबाजी करते हुए लोगों ने भारतीय सेना के अदम्य साहस और शौर्य को सलाम किया। इस अवसर पर कमेटी अध्यक्ष कमल थापा ने कहा कि भारतीय सेना द्वारा हाल ही में चलाए गए 'ऑपरेशन सिंदूर' की सफलता हम सभी देशवासियों के लिए गर्व का विषय है। यह तिरंगा यात्रा हमारे सैनिकों के सम्मान और बलिदान को समर्पित है। हमें अपनी तीनों सेनाओं पर गर्व है। उन्होंने कहा कि यह यात्रा न केवल एक श्रद्धांजलि है, बल्कि यह भी संदेश है कि यदि भविष्य में पाकिस्तान ने कोई दुस्साहस किया, तो हम सभी भूतपूर्व सैनिक देश की रक्षा के लिए फिर से हथियार उठाने को तैयार हैं। 'ऑपरेशन सिंदूर' की सफलता ने समूचे देश में उत्साह का संचार किया है, और बकलोह की यह तिरंगा यात्रा इस देशभक्ति की भावना का एक जीवंत प्रतीक बन गई है। इस गौरवपूर्ण आयोजन में स्थानीय ग्रामीणों, महिलाओं, युवाओं और पूर्व सैनिकों की सक्रिय भागीदारी ने यह सिद्ध कर दिया कि बकलोह क्षेत्र के लोग सदैव देशहित में एकजुट हैं और सेना के साथ खड़े हैं।












