बिलासपुर के कुठेड़ा में निकाली तिरंगा यात्रा
भाजपा बिलासपुर मंडल के तत्वावधान में कुठेड़ा में वीरवार को 'तिरंगा यात्रा' निकाली गई। सदर के विधायक त्रिलोक जम्वाल ने कहा कि 'ऑपरेशन सिंदूर' की कामयाबी का श्रेय मोदी सरकार और भारतीय सेना के साथ देश की जनता को जाता है। पहलगाम की तरह आतंकी हमला मुंबई में भी हुआ था, जिसमें सैकड़ों लोगों की जान चली गई थी। हालांकि, भारतीय सेना तब भी इतनी ही पराक्रमी थी, लेकिन उस समय न तो दिल्ली में मजबूत नेतृत्व था और न ही उसमें साहसिक निर्णय लेने की क्षमता थी। अब देशवासियों की ओर से राष्ट्रवादी विचार के साथ काम करने वाली भाजपा को देश की कमान सौंपने से ही यह संभव हो पाया है। लड़ाई अभी खत्म नहीं हुई है। देश है, तभी देशवासी हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे राष्ट्रवादी विचारधारा को आगे बढ़ाने के लिए ईमानदारी से काम करें।
कांग्रेस के कुछ लोग मांग रहे सबूत
त्रिलोक ने कहा कि आदत से मजबूर कांग्रेस के कुछ लोग 'ऑपरेशन सिंदूर' को छोटा मामला बताने के साथ ही सबूत भी मांग रहे हैं। यह कोई कंप्यूटर या मोबाइल गेम नहीं थी, बल्कि असली लड़ाई थी। रूस-यूक्रेन में लगभग 3 वर्षों से युद्ध जारी है। इसके विपरीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय सेना के जवानों ने अपने शौर्य और पराक्रम से महज 23 मिनट में ही पाकिस्तान में तबाही मचा दी। 11 एयरबेस तबाह करने के साथ ही सारे ड्रोन व मिसाइलें भी भारत में पहुंचने से पहले ही नष्ट कर दीं। पाकिस्तान को समझ आ गया है कि भारतीय शूरवीर क्या कर सकते हैं, लेकिन लड़ाई अभी खत्म नहीं हुई है। पाकिस्तान समेत कई देश चाहते हैं कि भारत शक्तिशाली न बने। उनके नापाक मंसूबों पर पानी फेरने के लिए राष्ट्रवादी विचारधारा को बढ़ाना और इसे मजबूत करना बेहद जरूरी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे गांव व बूथ स्तर तक इस विचारधारा को बढ़ाने के लिए जी-जान से प्रयास करें।












