बिलासपुर में मेगा मॉकड्रिल की तैयारियां पूरी: डीसी
बिलासपुर जिले में 6 जून को राज्य व्यापी भूकंप मेगा मॉकड्रिल का आयोजन किया जाएगा। डीसी राहुल कुमार ने बताया कि भूकंप जैसी प्राकृतिक आपदा की स्थिति में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के उद्देश्य से इस अभ्यास को आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने मंगलवार को हिमाचल प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की ओर से वर्चुअल माध्यम से आयोजित टेबल टॉप एक्सरसाइज में भाग लेने के बाद बताया कि जिले में मॉकड्रिल की सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस अभ्यास के लिए संचार प्रणाली, स्टेजिंग एरिया, राहत शिविर, चिकित्सा सहायता, वालंटियर टीमों की तैनाती तथा पर्यवेक्षकों की नियुक्ति जैसी सभी महत्वपूर्ण व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। जिला मुख्यालय बिलासपुर में मुख्य स्टेजिंग एरिया स्थापित किया गया है, जहां से सभी गतिविधियों का संचालन और समन्वय किया जाएगा। मॉकड्रिल के दौरान आपातकालीन सेवाओं की कार्यप्रणाली, राहत एवं बचाव कार्यों की त्वरितता और उपलब्ध संसाधनों की व्यावहारिक जांच की जाएगी। सिमुलेशन अभ्यास के लिए जिले में एनटीपीसी कोलडैम, हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, बाजार क्षेत्र, श्री नयना देवी मंदिर परिसर, सिविल अस्पताल बिलासपुर, अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) बिलासपुर तथा राजकीय महाविद्यालय को चिन्हित किया गया है। इन सभी स्थलों पर अभ्यास के दौरान टीमें तैनात रहेंगी और वास्तविक आपदा जैसी स्थिति का अभ्यास किया जाएगा। सभी उपमंडलों में भी स्थानीय स्तर पर स्टेजिंग स्टेशन स्थापित किए गए हैं। उपायुक्त ने सचेत ऐप की उपयोगिता पर भी जोर दिया। यह ऐप उपयोगकर्ताओं को भूकंप, बाढ़, आग जैसी आपदाओं से जुड़े समय-समय पर अलर्ट और जरूरी सूचना प्रदान करता है। उन्होंने जनता से आग्रह किया कि वे सचेत ऐप अवश्य डाउनलोड करें और आपदा के समय इसका सही उपयोग कर अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करें












