सोलन में शादी की खुशियों के बीच बड़ा हादसा, चंबाघाट फ्लाईओवर पर बारातियों की स्कॉर्पियो पलटी
सोलन। हिमाचल प्रदेश में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। कई बार ये हादसे न सिर्फ जिंदगियों को प्रभावित करते हैं, बल्कि खुशियों के माहौल को भी पल भर में मातम में बदल देते हैं। ऐसा ही एक दर्दनाक लेकिन सौभाग्यशाली हादसा सोलन जिला में सामने आया है, जहां शादी की रौनक के बीच बड़ा संकट टल गया।
शुक्रवार को सोलन के चंबाघाट फ्लाईओवर पर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब बारात लेकर जा रही एक स्कॉर्पियो अचानक अनियंत्रित होकर बीच सड़क पलट गई। यह हादसा उस समय हुआ जब बारात परमाणु से सालोगड़ा की ओर जा रही थी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही बारात का काफिला फ्लाईओवर पर आगे बढ़ा, तभी एक स्कॉर्पियो वाहन अचानक संतुलन खो बैठा और देखते ही देखते सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद मौके पर तेज आवाज और चीख-पुकार से माहौल दहशत में बदल गया।
हालांकि गाड़ी की हालत देखकर किसी भी बड़े नुकसान की आशंका जताई जा रही थी, लेकिन राहत की बात यह रही कि वाहन में सवार सभी बाराती पूरी तरह सुरक्षित बाहर निकल आए। सभी को हल्की-फुल्की खरोंचें आईं, जिन्हें मौके पर ही प्राथमिक उपचार दिया गया। किसी भी तरह की गंभीर चोट की सूचना नहीं है, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
हादसे के बाद चंबाघाट फ्लाईओवर पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलते ही सोलन पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। क्रेन की मदद से पलटी हुई स्कॉर्पियो को हटाया गया, जिसके बाद धीरे-धीरे यातायात बहाल किया जा सका।
फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, माना जा रहा है कि मोड़ पर वाहन चालक का नियंत्रण बिगड़ने से यह हादसा हुआ, हालांकि असली कारण जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।
शादी की खुशियों के बीच हुए इस हादसे ने कुछ देर के लिए पूरे माहौल को तनावपूर्ण और डरावना बना दिया, लेकिन गनीमत रही कि सभी लोग सुरक्षित हैं और एक बड़ा अनहोनी टल गई।












