सड़क किनारे खड़ी आल्टो का टायर चुराकर फरार हुए चोर
पुलिस चौकी गलोड़ के तहत सरेड़ी में रात को चोर एक गाड़ी का अगला टायर चुराकर ले गए। चोरों ने गाड़ी को ईंट पर खड़ा कर दिया। अब चोरों ने गाड़ी का एक ही टायर क्यों चुराया, हर कोई हैरान है। चोरों ने गाड़ी को खोलने का भी प्रयास किया है। इसमें वह कामयाब नहीं हुए। सरेड़ी गांव के अश्वनी कुमार ने बताया कि घर के पास गाड़ी को सड़क के एक छोर पर खड़ी करते हैं। सुबह जब उनकी पत्नी ने गाड़ी को देखा तो गाड़ी का आगे का एक टायर नहीं था। गाड़ी को ईंटों के ऊपर खड़ा कर दिया गया था। अश्वनी कुमार ने तुरंत इसकी सूचना गलोड़ पुलिस को दी। वहीं, पुलिस भी तुरंत मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। आसपास के लोगों से भी पूछताछ की गई है। घटना के बाद गलोड़ क्षेत्र के लोग भयभीत हो गए हैं। लोगों ने बताया कि गाड़ियां सड़कों के किनारे ही खडी रहती हैं। गलोड़ पुलिस के प्रभारी विनय कुमार ने बताया कि पुलिस मौके पर गई थी। चोरों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। रात को गश्त भी बढ़ाई जाएगी।












