रोजगार और श्रम बल सहभागिता में शिमला देश की राज्य राजधानियों में अव्वल
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला ने रोजगार और श्रम बल सहभागिता के मामले में देश की अन्य राज्य राजधानियों को पीछे छोड़ दिया है। राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय यानी एनएसओ की सितंबर 2026 में जारी जिला स्तरीय श्रम बाजार रिपोर्ट के अनुसार, शिमला में 15 वर्ष और उससे अधिक आयु की आबादी की श्रम बल सहभागिता दर 70 फीसदी दर्ज की गई है, जबकि श्रमिक जनसंख्या अनुपात 65.1 फीसदी रहा। इस सूची में केरलम की राजधानी तिरुवनंतपुरम 64.4 फीसदी के साथ दूसरे और छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर 61.5 फीसदी के साथ तीसरे स्थान पर है। रिपोर्ट के मुताबिक, शिमला में 15 से 29 वर्ष के उन युवाओं की दर 20.5 फीसदी है, जो न रोजगार में हैं, न शिक्षा और न ही किसी प्रशिक्षण से जुड़े हैं। यह रिपोर्ट देश के जिलों में रोजगार और श्रम बाजार की स्थिति का आकलन करती है।






