लाइव स्ट्रीमिंग के निजी वीडियो वेबसाइटों पर अपलोड, शिमला साइबर क्राइम सेल को मिलीं 5 शिकायतें
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में लाइव स्ट्रीमिंग के दौरान साझा किए गए निजी वीडियो के दुरुपयोग के मामले सामने आए हैं। साइबर क्राइम सेल को पिछले दो महीनों में ऐसी पांच शिकायतें मिली हैं। पीड़ित युवतियों का आरोप है कि उनकी अनुमति के बिना वीडियो रिकॉर्ड कर वयस्क सामग्री वाली वेबसाइटों पर अपलोड किए गए। पुलिस अब संबंधित वेबसाइटों से वीडियो हटवाने की प्रक्रिया में जुटी है। एक पीड़िता के मुताबिक, उसने दो से तीन साल में लाइव स्ट्रीमिंग के जरिए तीन से चार लाख रुपये कमाए थे, लेकिन बाद में उसे अपने निजी वीडियो दूसरी वेबसाइटों पर होने की जानकारी मिली। एसपी साइबर क्राइम अमित यादव ने लोगों से ऑनलाइन निजता का ध्यान रखने और वीडियो के दुरुपयोग की स्थिति में पुलिस से संपर्क करने की अपील की है। किसी भी साइबर अपराध की शिकायत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर की जा सकती है।






