300 ग्राम सोने के विवाद ने लिया कानूनी मोड़, दो परिवारों में मारपीट के आरोप; क्रॉस FIR दर्ज
चंबा। जिला मुख्यालय चंबा में 300 ग्राम सोने के कथित लेन-देन को लेकर दो परिवारों के बीच चला आ रहा विवाद अब पुलिस थाने तक पहुंच गया है। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों पर क्रॉस एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत में मोहल्ला चमेशनी निवासी सरोज सामी ने बताया कि वह 5 जून को अपने देवर सुखदेव सामी के घर अपर जुलाहकड़ी गई थीं। उनका आरोप है कि उन्होंने अपने 300 ग्राम सोने को वापस लौटाने की बात उठाई, जिस पर वहां मौजूद कशिश सामी भड़क गया। शिकायत के अनुसार कशिश ने उनके साथ गाली-गलौज की, मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।
वहीं, दूसरी ओर अपर जुलाहकड़ी निवासी सोनिया सामी ने भी पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है। सोनिया का आरोप है कि सरोज सामी अपने एक अन्य साथी के साथ उनके घर पहुंचीं और उनके ससुर के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए झगड़ा करने लगीं। उन्होंने कहा कि जब उन्होंने और उनके बेटे ने बीच-बचाव का प्रयास किया तो उनके साथ भी मारपीट की गई तथा गंभीर परिणाम भुगतने की धमकियां दी गईं।
दोनों पक्षों के आरोपों के बाद पुलिस ने मामले में क्रॉस एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस अधीक्षक चंबा विजय कुमार सकलानी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों परिवारों के सदस्यों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।






