मनाली-हरिद्वार रूट पर STF का शिकंजा, 2 किलो चरस संग हरियाणा का आरोपी गिरफ्तार
हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे 'चिट्टा मुक्त हिमाचल' अभियान के तहत स्पेशल टास्क फोर्स को बड़ी सफलता मिली है। मंडी टीम ने मनाली-हरिद्वार रूट पर चल रही एक वोल्वो बस में कार्रवाई करते हुए हरियाणा के एक व्यक्ति के कब्जे से 2.006 किलोग्राम चरस बरामद की है। आरोपी को मौके पर गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार, 12 जुलाई 2026 को स्पेशल टास्क फोर्स की मंडी टीम नियमित गश्त और निगरानी अभियान पर थी।
इसी दौरान मनाली से हरिद्वार जा रही एक वोल्वो बस की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान एक यात्री के सामान से 2.006 किलो चरस बरामद हुई। बरामदगी के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में स्पेशल टास्क फोर्स के नवस्थापित पुलिस थाना मंडी में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि चरस कहां से लाई गई थी और इसे किस स्थान तक पहुंचाया जाना था। इसके अलावा तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क, सप्लाई चेन और वित्तीय लेन-देन की भी जांच की जा रही है।
एसटीएफ का कहना है कि जांच का उद्देश्य केवल आरोपी को गिरफ्तार करना नहीं, बल्कि इस अवैध नेटवर्क से जुड़े सभी लोगों तक पहुंचना है। पुलिस इस मामले में अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।






