औट-बंजार-जलोड़ी मार्ग की बदलेगी तस्वीर, नई डीपीआर से तय होगी सड़क की अलाइनमेंट
कुल्लू: जिले के महत्वपूर्ण औट-बंजार-जलोड़ी मार्ग को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। केंद्र सरकार ने इस सड़क की पुरानी विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) रद कर दी है। अब मार्ग की नई अलाइनमेंट तय कर नए सिरे से डीपीआर तैयार की जाएगी। प्रस्तावित योजना के तहत औट से बंजार तक सड़क को डबललेन करने की तैयारी है।
राष्ट्रीय राजमार्ग-305 के तहत आने वाले सैंज-लुहरी-बंजार-औट मार्ग के सुधार को लेकर केंद्र से भी महत्वपूर्ण मंजूरी मिली है। बंजार से औट तक सड़क के सुधार और टारिंग के लिए 25.11 करोड़ रुपये की सैद्धांतिक मंजूरी दी गई है। इससे लंबे समय से खराब सड़क की स्थिति में सुधार की उम्मीद जगी है।
नई डीपीआर में भविष्य की जरूरतों का ध्यान
मार्ग पर पहले करीब 3.79 करोड़ रुपये खर्च कर पैचवर्क करवाया गया था, लेकिन सड़क के स्थायी और बेहतर सुधार के लिए अब नए सिरे से योजना तैयार की जा रही है। नई डीपीआर में सड़क की अलाइनमेंट, चौड़ाई और भविष्य में बढ़ने वाले यातायात को ध्यान में रखा जाएगा।
पर्यटन और यातायात को मिलेगा फायदा
औट-बंजार मार्ग कुल्लू जिले के लिए बेहद महत्वपूर्ण संपर्क सड़क है। इसके डबललेन होने से बंजार क्षेत्र की कनेक्टिविटी बेहतर होगी और स्थानीय लोगों, पर्यटकों तथा परिवहन क्षेत्र को राहत मिलेगी। जलोड़ी सुरंग की दिशा में आवाजाही आसान होने से क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों और रोजगार के अवसरों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।






