मंडी-चंडीगढ़ हेलीकॉप्टर सेवा शुरू, अब सिर्फ 25 मिनट में तय होगा सफर
हिमाचल प्रदेश सरकार ने मंडी-चंडीगढ़ सीधी हेलीकॉप्टर सेवा का शुभारंभ कर दिया है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने सोमवार को शिमला से वर्चुअल माध्यम से इस सेवा की शुरुआत की। हालांकि खराब मौसम के कारण पहले दिन उड़ान संचालित नहीं हो सकी, लेकिन मौसम अनुकूल रहने पर प्रतिदिन दो उड़ानें संचालित की जाएंगी।
इस नई सेवा के शुरू होने से मंडी और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। सड़क मार्ग से चंडीगढ़ पहुंचने में जहां करीब 5 से 6 घंटे का समय लगता है, वहीं अब यह दूरी महज 25 मिनट में तय की जा सकेगी। इससे पर्यटन, व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े लोगों को विशेष लाभ मिलने की उम्मीद है।
उपायुक्त अपूर्व देवगन ने बताया कि मंडी से चंडीगढ़ के लिए एकतरफा किराया 3,500 रुपये निर्धारित किया गया है। हेलीकॉप्टर में एक बार में छह यात्री सफर कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उड़ानों का समय तय किया गया है और भविष्य में मांग बढ़ने पर सेवाओं के विस्तार पर भी विचार किया जाएगा।
मंडी में आयोजित शुभारंभ कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश जल प्रबंधन बोर्ड के उपाध्यक्ष शशि शर्मा, कांग्रेस जिला अध्यक्ष चंपा ठाकुर, कांग्रेस नेता पवन ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर प्रदेश के अन्य जिलों और भविष्य में उपमंडल स्तर तक हेलीकॉप्टर सेवा के विस्तार की योजना की भी जानकारी दी।






