धर्मशाला नगर निगम के तीन पार्षदों पर अतिक्रमण के आरोप, जिला प्रशासन ने सरकार को भेजी रिपोर्ट
नगर निगम धर्मशाला के तीन निर्वाचित पार्षदों और उनके परिवार के सदस्यों पर सरकारी भूमि पर कथित अतिक्रमण के मामले में जिला प्रशासन ने जांच पूरी कर रिपोर्ट प्रदेश सरकार को भेज दी है। जिला प्रशासन का कहना है कि ऐसे मामलों में प्रदेश सरकार नियमानुसार कार्रवाई करती है।
डीसी कांगड़ा हेमराज बैरवा ने बताया कि नगर निगम धर्मशाला की चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद तीन पार्षदों और उनके परिजनों द्वारा सरकारी जमीन पर अतिक्रमण किए जाने की शिकायत जिला प्रशासन को प्राप्त हुई थी। इसके बाद एसडीएम धर्मशाला के माध्यम से मामले की जांच करवाई गई।
जांच में सरकारी भूमि पर अतिक्रमण पाया गया, जिसके बाद नियमानुसार अतिक्रमण हटाने और संबंधित कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। नगर निगम अधिनियम के प्रावधानों के तहत पूरी रिपोर्ट प्रदेश सरकार को भेज दी गई है।
डीसी ने कहा कि शिकायत आने का कोई निर्धारित समय नहीं होता, शिकायत कभी भी प्राप्त हो सकती है। प्रशासन ने शिकायत मिलने के बाद निष्पक्ष जांच करवाई, जिसमें अतिक्रमण की पुष्टि हुई है। अब इस मामले में जो भी कार्रवाई बनती है, वह कानून और नियमों के अनुसार की जाएगी।






