उपमंडल सुजानपुर में तमाम माइनिंग गतिविधियां तत्काल प्रभाव से स्थगित
सुजानपुर उपमंडल के तहत सभी प्रकार की माइनिंग गतिविधियां तत्काल प्रभाव से रोक दी गई हैं। एसडीएम विकास शुक्ला ने बताया कि जिन माइनिंग कंपनियों को लगता है कि उनके पास इस कार्य को करने के लिए दस्तावेज उपलब्ध हैं या परमिशन इत्यादि उपलब्ध है, वे उन्हें उपमंडल कार्यालय में दिखा सकते हैं। ऐसे में यह निर्देश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिए गए हैं। एसडीएम विकास शुक्ला ने आयोजित माइनिंग की विशेष बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि उन्होंने इलाके का दौरा किया है और पाया है कि अवैध खनन लगातार हो रहा है। इसके साथसाथ लोगों की शिकायतें भी उनके पास आई हैं, जिसके आधार पर उन्होंने यह फैसला लिया है। उन्होंने कहा कि संबंधित विभाग एवं अन्य विभागों के साथ यह विशेष बैठक आयोजित करके एक व्हाट्सऐप ग्रुप भी बनाया गया है, जिसमें इलाके के सभी लोगों को विशेष रूप से विभागीय अधिकारी पंचायत प्रतिनिधि, प्रधान, उपप्रधान, पंचायत समिति सदस्य, जिला परिषद सदस्य, नगर परिषद अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, पार्षद, मीडिया प्रतिनिधि तमाम इसमें शामिल होंगे अगर इन्हें कहीं भी इलाके में माइनिंग होते हुए दिखता है तो वह इसके फोटो और उस एरिया का नाम डालकर जानकारी साझा करेंगे और विभागीय अधिकारी जो इसके लिए अधिकृत किए हैं, वह तत्काल ऐसे लोगों पर कार्रवाई करेंगे। उन्होंने कहा कि इसके साथ-साथ ब्यास नदी में राफ्टिंग को लेकर भी योजना बनाई गई है। हमारे गृह रक्षा विभाग के पास एक राफ्ट उपलब्ध है, जिसका जल्द ही एक-दो दिन के भीतर ट्रायल होगा और उसके बाद राफ्टिंग गतिविधियों को यहां चलाने की अनुमति दी जाएगी। बैठक में पैराग्लाइडिंग को लेकर भी चर्चा की गई जिसमें विद्युत विभाग के उच्च अधिकारियों को से अवगत करवाया गया है कि टिहरा फोर्ट से मैदान सुजानपुर तक पैराग्लाइडिंग साइट चिन्हित हुई है, जिसमें बिजली की तारों को तत्काल प्रभाव से वहां से शिफ्ट किया जाए।












