चलती HRTC बस में लगी भीषण आग, चालक की सूझबूझ से बची 25-30 यात्रियों की जान
पालमपुर: हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) के पालमपुर डिपो की सरूट-पालमपुर (वाया क्यारवां, चौकी परमारनगर, धीरा) रूट पर चल रही बस में शुक्रवार को अचानक भीषण आग लग गई। चालक की सूझबूझ और तत्परता से बस में सवार करीब 25 से 30 यात्रियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार बस अपने निर्धारित रूट पर सरूट से पालमपुर की ओर जा रही थी। जैसे ही बस कलूना गांव के पास एक मोड़ पर पहुंची, चालक की नजर बस से निकल रहे धुएं पर पड़ी। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए उसने तुरंत बस सड़क किनारे रोक दी और बिना देर किए सभी यात्रियों को सुरक्षित नीचे उतार दिया।
यात्रियों के उतरते ही आग ने तेजी से पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते बस धू-धू कर जलने लगी और कुछ ही मिनटों में पूरी तरह खाक हो गई। प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है, हालांकि वास्तविक कारणों का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही होगा।
घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग धीरा की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बस पूरी तरह जल चुकी थी।
राहत की बात यह रही कि हादसे में सभी यात्री, चालक और परिचालक पूरी तरह सुरक्षित हैं। चालक की सतर्कता और त्वरित निर्णय की वजह से एक बड़ा हादसा टल गया और कई लोगों की जान बच गई।
इस घटना के बाद HRTC बसों की तकनीकी स्थिति को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि ग्रामीण क्षेत्रों में चलने वाली कई बसें काफी पुरानी हैं और उनकी नियमित तकनीकी जांच तथा रखरखाव पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।






