गर्मी और डी हाइड्रेशन से बेहोश हुए 14 कैडेट्स
झुलसाने वाली गर्मी का असर पूरे जिले में देखा गया। भारी गर्मी के करना जिला मुख्यालय के समीप जवाहर नवोदय विद्यालय पेखुवेला में सोमवार को एनसीसी के शिविर में 14 कैडेट्स की तबीयत बिगड़ गई। इन सभी कैडेट्स को उपचार के लिए ऊना के रिजनल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां पर डॉक्टरों की टीम कैडेट्स के उपचार में जुट गई है। हालांकि कुछ की प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी कर दी गई। जिले के पेखुबेला में चल रहे एनसीसी कैंप में उस समय अफरातफरी मच गई, जब एक के बाद एक कैडेट मैदान में चक्कर खाकर गिरने लगे। चिकित्सकों ने डी हाईडरेशन की वजह से बच्चों की तबीयत बिगडऩे की वजह बताई है। सभी कैडेट्स को इंजेक्शन के साथ-साथ ओआरएस का घोल दिया गया है। इसके बाद सभी कैडेट्स की सेहत में सुधार हुआ है और उन्हें जरूरी हिदायतें देकर अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। हालांकि, एक कैडेट्स का अभी भी उपचार किया जा रहा है। बता दें कि पेखुवेला में दस दिवसीय एनसीसी शिविर आयोजित किया जा रहा है, जिसमें विभिन्न स्कूलों व कॉलेज के करीब 500 बच्चे भाग ले रहे है। शिविर के सातवें दिन सोमवार सुबह जैसे ही कैडेट्स ने दौड़ लगानी शुरू की। उनमें से 14 की हालत बिगडऩे लगी। कैडेट्स को चक्कर आने के साथ-साथ उल्टियां आनी शुरू हो गईं। कई कैडेट्स अचेत होकर गिर भी पड़े। सभी कैडेट्स को आनन-फानन में ऊना के रिजनल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां पर उनकी हालत में सुधार हुआ है। रिजनल अस्पताल के चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजय मनकोटिया ने बताया कि पानी की कमी से बच्चों कि तबीयत बिगड़ी है। सभी की हालत में सुधार है। उन्होंने बताया कि एनसीसी अधिकारियों को जरूरी हिदायतें दी गई हैं।












