बंबर ठाकुर पर गोली चलाने वाला मुख्य शूटर पुलिस हिरासत से फरार, 2 कांस्टेबल सस्पेंड
बिलासपुर: हिमाचल प्रदेश के चर्चित पूर्व कांग्रेस विधायक बंबर ठाकुर गोलीकांड मामले में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। इस सनसनीखेज हमले का मुख्य आरोपी और भाऊ गैंग का शार्प शूटर अजय पुलिस हिरासत से फरार हो गया है। घटना के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए बिलासपुर पुलिस ने ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोप में दो पुलिस कांस्टेबलों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है और विभागीय जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार, बिलासपुर पुलिस की एक टीम गिरफ्तार आरोपी अजय को एक मामले में पेशी के लिए दिल्ली लेकर गई थी। कोर्ट में पेशी पूरी होने के बाद पुलिस टीम उसे वापस बिलासपुर ला रही थी। इसी दौरान दिल्ली-हरियाणा सीमा पर स्थित टिकरी बॉर्डर के पास आरोपी ने मौका देखकर पुलिसकर्मियों को चकमा दिया और फरार हो गया। पुलिस जवानों ने उसका पीछा भी किया, लेकिन वह भीड़ और आसपास के क्षेत्र का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों को अलर्ट किया गया और आरोपी की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित कर दी गईं। दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और हिमाचल प्रदेश की पुलिस एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर उसकी धरपकड़ के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। पुलिस का दावा है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
गौरतलब है कि अजय कोई सामान्य अपराधी नहीं है। पुलिस जांच के अनुसार वह हरियाणा के कुख्यात भाऊ गैंग का सक्रिय सदस्य और प्रशिक्षित शार्प शूटर है। 14 मार्च 2025 को उसने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर बिलासपुर स्थित पूर्व विधायक बंबर ठाकुर के आवास पर हमला किया था। आरोपियों ने घर के बाहर पहुंचकर करीब 12 राउंड फायरिंग की थी। हमले का मकसद बंबर ठाकुर की हत्या करना बताया गया था। हालांकि इस हमले में बंबर ठाकुर बाल-बाल बच गए थे, लेकिन उनके निजी सुरक्षा अधिकारी (पीएसओ) संजीव गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
इस वारदात ने पूरे हिमाचल प्रदेश में सनसनी फैला दी थी और कानून-व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े हुए थे। घटना के बाद अजय लंबे समय तक पुलिस की पकड़ से बाहर रहा। करीब एक साल की तलाश और विभिन्न राज्यों में चलाए गए अभियान के बाद पुलिस ने उसे हरियाणा के रोहतक से गिरफ्तार किया था। उसकी गिरफ्तारी को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा था, लेकिन अब हिरासत से उसके फरार हो जाने के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।
एसपी बिलासपुर संदीप धवल ने बताया कि आरोपी अजय दिल्ली में पेशी के बाद वापस लाते समय टिकरी बॉर्डर के पास फरार हुआ है। मामले में लापरवाही बरतने वाले दो पुलिस कांस्टेबलों को निलंबित कर दिया गया है और आरोपी की तलाश के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।






