पीएम मोदी ने 11 साल में देश को दी नई दशा-दिशा : सत्ती
हिमाचल भाजपा के पूर्व अध्यक्ष एवं विधायक सतपाल सत्ती का कहना है कि केंद्र में मोदी सरकार के 11 साल देश के तमाम सिस्टम को नई दशा-दिशा देने में सफल साबित हुए हैं। दूसरी तरफ उनका कहना है कि हिमाचल जैसे छोटे राज्य में कांग्रेस की सरकार ने यहां के सिस्टम का मकम्मल तौर पर 'मटियामेट' कर दिया है। सरकारी अस्पतालों में मरीजों को दवाएं नहीं मिल रही हैं, उनकी अच्छी खासी शॉर्टेज चल रही है। हालात इसलिए भी खराब हो गए हैं क्योंकि अस्पतालों के भीतर दलाल बैठ गए हैं। इस वजह से यह तय नहीं हो पा रहा कि सरकार सरकारी दवाएं बेचे या फिर बाहर की दवाएं? वैसे भी इस सरकार की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि विपक्ष द्वारा उठाए जाने वाले मुद्दे भी इस पर बेअसर हो रहे हैं। वीरवार को यहां प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए सत्ती ने कहा कि राज्य सरकार कई मामलों में केंद्र पर बेवजह के आरोप लगाती है। इस सरकार की करनी और कथनी में दिन-रात का अंतर है। जब सिस्टम का जनाजा निकल चुका हो, तो फिर केंद्र की मोदी सरकार पर आरोप लगाकर सुक्खू सरकार प्रदेश वासियों को गुमराह नहीं कर सकती और न ही लोग उन पर अब विश्वास कर रहे हैं। हर क्षेत्र में हुआ देश का विकास उन्होंने कहा कि देश में अब नक्सलवाद अंतिम दौर में है। 2026 में इसके खात्मे की डेडलाइन मोदी सरकार ने घोषित कर रखी है। 11 साल पहले जब भाजपा ने केंद्र में सत्ता संभाली थी, उस समय देश के कितने बुरे हाल थे, यह बात किसी से छिपी हुई नहीं है। उस समय फैसला लेने के लिए दूसरी सरकारों का कोई भी नेता हिम्मत नहीं जुटाता था, लेकिन मोदी सरकार के आते ही देश की जो दशा-दिशा बदली है, आज उसी का नतीजा है कि हर क्षेत्र में देश का विकास हुआ है। लोगों में विश्वास जगा है। हालांकि पेट्रोल-डीजल की कीमतों में वृद्धि पर पूर्व सरकारों के समय दिए गए बयान पर सत्ती बेबाकी से तो नहीं बोल पाए, लेकिन उनका कहना था कि राज्य सरकारों ने बैट भी काफी ज्यादा लगाया है। इसलिए हालात के मुताबिक सब ठीक चल रहा है। ये रहे मौजूद : प्रेस कॉन्फ्रेंस में जिला भाजपा अध्यक्ष राकेश ठाकुर के अलावा विधायक इंद्रदत्त लखनपाल, आशीष शर्मा, पूर्व विधायक विजय अग्निहोत्री, अनिल धीमान, अजय रिंटू, विकास शर्मा और अन्य नेता मौजूद थे।












