हिमाचल पुलिस में बढ़ा विवाद: महिला कांस्टेबल की शिकायत पर गायक गोपी जैक्स के खिलाफ FIR दर्ज
हिमाचल प्रदेश पुलिस के 'हार्मनी ऑफ द पाइन्स' पुलिस बैंड से जुड़ा विवाद अब कानूनी मोड़ पर पहुंच गया है। शिमला में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद महिला कांस्टेबल दीपिका ठाकुर की शिकायत पर पुलिस ने कथित गायक गोपी जैक्स के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान गोपी जैक्स ने पुलिस बैंड की महिला सिंगरों दीपिका और कृतिका तथा निलंबित इंस्पेक्टर विजय कुमार पर कई गंभीर आरोप लगाए थे। शिकायत में आरोप है कि प्रेस वार्ता के दौरान महिला कांस्टेबलों के खिलाफ आपत्तिजनक और कथित रूप से बॉडी शेमिंग संबंधी टिप्पणियां भी की गईं।
विवाद के बीच महिला कांस्टेबल दीपिका की तबीयत बिगड़ गई। बताया गया कि मानसिक तनाव और अवसाद के कारण उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। अस्पताल से सामने आए वीडियो में वह रोते हुए अपनी आपबीती सुनाती दिखाई दीं। इसके बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत देकर संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की।
इस पूरे मामले से पहले पुलिस बैंड के इंस्पेक्टर विजय कुमार को निलंबित कर उनके खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू की जा चुकी है।
उधर, एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने पुष्टि की है कि महिला कांस्टेबल दीपिका ठाकुर की शिकायत के आधार पर गोपी जैक्स के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है। वहीं, एक अन्य महिला कांस्टेबल ने पुलिस अधिकारी के खिलाफ दी गई अपनी शिकायत वापस ले ली है।






