जिला परिषद कांगड़ा पर भाजपा का कब्जा, सीमा बनीं अध्यक्ष; अभिमन्यु को उपाध्यक्ष की कमान
धर्मशाला। जिला परिषद कांगड़ा में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद पर भाजपा ने अपना परचम लहरा दिया है। सीमा देवी को जिला परिषद अध्यक्ष और अभिमन्यु कंवर को उपाध्यक्ष चुना गया है। मंगलवार को हुई चुनाव प्रक्रिया में दोनों पदों के लिए एक-एक नामांकन आने के बाद उन्हें निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया गया।
जिला परिषद की कुल 54 सीटों में से 39 सदस्य चुनाव प्रक्रिया में शामिल हुए, जबकि बैठक के लिए जरूरी कोरम 36 सदस्यों का था। पर्याप्त संख्या में सदस्यों की मौजूदगी के चलते चुनाव प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी हुई।
ओबीसी महिला के लिए आरक्षित था अध्यक्ष पद
इस बार जिला परिषद कांगड़ा का अध्यक्ष पद ओबीसी महिला वर्ग के लिए आरक्षित था। इसके तहत मस्सल, सुन्हीं, कलियाड़ा और तियारा वार्ड ओबीसी महिला आरक्षित सीटों में शामिल थे। कलियाड़ा वार्ड से निर्वाचित सीमा देवी ने अध्यक्ष पद की दौड़ में बाजी मार ली।
भाजपा के पक्ष में रहे समीकरण
जिला परिषद चुनाव परिणामों के बाद कांगड़ा में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों का पलड़ा भारी था। 54 सीटों में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों ने 25 सीटों पर जीत दर्ज की, जबकि 17 निर्दलीय और 12 कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार विजयी रहे।
निर्दलीय जीतने वाले कई सदस्य भाजपा समर्थित माने जा रहे थे, जिसके चलते अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद पर भाजपा की दावेदारी मजबूत हो गई थी। आखिरकार पार्टी ने रणनीति के तहत दोनों महत्वपूर्ण पदों पर कब्जा जमा लिया।






