भुट्टिको ने कर्मचारी गंगा राम को स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति पर दी 3.77 लाख ग्रेच्युटी राशि
देश की अग्रणी हथकरघा बुनकर सहकारी समिति भुट्टिको में कार्यरत गंगा राम मुख्य चालक को उनकी स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति के अवसर पर भुट्टिको के सभागार ठाकुर वेदराम सामुदायिक सदन में भव्य विदाई पार्टी सभा प्रबंधन और अधिकारी कर्मचारियों की ओर से दी गई। इनका पूर्ण कार्यकाल 25 वर्ष का रहा है। अपने कार्यकाल के दौरान गंगा राम ने अपनी क्षमता से कही अधिक जिम्मेदारियों के साथ कार्य करते हुए भुट्टिको के सहकार संस्कारों का मजबूत किया है। इनका स्वास्थ्य ठीक न होने के कारण उन्होंने स्वैच्छिक इच्छा से समय पूर्व अपनी सेवानिवृत्ति ली है। इस अवसर पर सभा के अध्यक्ष एवं पूर्व बागवानी मंत्री सत्य प्रकाश ठाकुर ने चंडीगढ़ से दूरभाष पर कहा कि बहुत ही संजीदा मेहनतकश और कर्मठ कर्मचारी रहे गंगा राम का संपूर्ण कार्यकाल सराहनीय रहा है। सत्य प्रकाश ठाकुर ने भगवान से इनकी अच्छी सेहत व उज्जवल भविष्य की कामना की। सेवानिवृत्ति विदाई पार्टी के अवसर पर गंगा राम को टोपी, दोशाला, ग्रेच्युटी राशि 3.77 लाख रुपए तथा कर्मचारियों की ओर से 51 हजार रुपए की राशि प्रदान की गई और कुल्लवी नाटी डाल कर इस समारोह को रंगीन बनाया। इसके पश्चात इनके सम्मान में पारंपरिक धाम भी दी गई। इस अवसर पर सेवानिवृत्त हुए गंगा राम ने इस आयोजन के लिए सभा अध्यक्ष सत्य प्रकाश ठाकुर का व सभा के सभी कर्मचारियों व बुनकर सदस्यों का बहुत-बहुत आभार व धन्यवाद किया। इस अवसर पर सभा सभा के प्रबंधक मंडल के सदस्य मदन लाल, टिकम राम, निर्मला देवी, कलावती, इंद्रा देवी, आत्मा राम मुख्य महाप्रबंधक विजय सिंह ठाकुर, मुख्य सलाहकार रमेश ठाकुर, महाप्रबंधक सूरती देवी, अनूज दिनेश ठाकुर, कविता ठाकुर, नीना ठाकुर, वीना देवी व अन्य अधिकारी कर्मचारी व गंगा राम के परिवार के सदस्य मौजूद रहे।