बीबीएमबी अस्पताल तलवाड़ा को आधुनिक बनाने की मांग फिर हाईकोर्ट पहुंची, चार हफ्तों में जवाब तलब
बीबीएमबी अस्पताल तलवाड़ा को अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस करने का मामला एक बार फिर पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट की चौखट पर पहुंच गया है। समाजसेवी शिवम शर्मा ने इस संबंध में नई जनहित याचिका (PIL) दायर की है। मामले पर संज्ञान लेते हुए हाईकोर्ट ने केंद्र सरकार, हिमाचल प्रदेश, पंजाब सरकार और बीबीएमबी प्रबंधन को चार सप्ताह के भीतर जवाब दाखिल करने के निर्देश दिए हैं।
याचिकाकर्ता शिवम शर्मा का कहना है कि पहले भी इस मुद्दे को अदालत के सामने उठाया गया था और निर्देश भी जारी हुए थे, लेकिन जमीनी स्तर पर कोई ठोस प्रगति नहीं हो सकी। प्रशासन की सुस्ती और आदेशों की अनदेखी के चलते उन्हें दोबारा अदालत का दरवाजा खटखटाना पड़ा। उन्होंने यह भी बताया कि पूर्व आदेशों के अनुपालन न होने के कारण अवमानना याचिका अभी भी लंबित है।
नई याचिका में मांग की गई है कि तलवाड़ा स्थित बीबीएमबी अस्पताल की विशाल अधोसंरचना का बेहतर उपयोग करते हुए इसे AIIMS या PGI Chandigarh के सैटेलाइट सेंटर के रूप में विकसित किया जाए। साथ ही इसे सीधे एम्स से जोड़ने की भी पैरवी की गई है, ताकि गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए लोगों को बड़े शहरों का रुख न करना पड़े।
गौरतलब है कि तलवाड़ा का यह अस्पताल हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा, पंजाब के होशियारपुर और जम्मू क्षेत्र के सीमावर्ती इलाकों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं का एक महत्वपूर्ण केंद्र है। अगर अदालत के माध्यम से यह पहल सफल होती है, तो तीन राज्यों के लाखों लोगों को अपने घर के पास ही बेहतर और आधुनिक इलाज की सुविधा मिल सकेगी।












