ट्रैफिक पुलिस कर्मचारियों को एसी हेलमेट पहनाएगी बिलासपुर पुलिस
तेज धूप में घंटों खड़े रहकर ड्यूटी करना ट्रैफिक कर्मियों के लिए परेशानी का सबब बन जाता है। इसी समस्या का समाधान निकालते हुए बिलासपुर पुलिस अब गुजरात ट्रैफिक पुलिस मॉडल को अपनाने जा रही है। गुजरात, दिल्ली और राजस्थान पुलि की तर्ज पर अब हिमाचल प्रदेश के जिला बिलासपुर की ट्रैफिक पुलिस के कर्मियों को एसी हेलमेट पहनने की सुविधा मिलेगी। इससे न केवल गर्मी से राहत मिलेगी, बल्कि उनकी कार्यक्षमता और स्वास्थ्य पर भी सकारात्मक असर पड़ेगा। बिलासपुर के पुलिस अधीक्षक संदीप धवल ने बताया कि बिलासपुर ट्रैफिक पुलिस कर्मियों के लिए एसी हेलमेट लेने की प्लानिंग की जा रही है। इसका ट्रायल भी लिया गया है। जल्द इस एसी हेलमेट के संदर्भ में बिलासपुर पुलिस निर्णय लेने जा रही है।
एसपी ने लिया ट्रायल
सोमवार को बिलासपुर के पुलिस अधीक्षक संदीप धवल ने इस तकनीक का ट्रायल लिया। इस दौरान एक ट्रैफिक कर्मी को एसी हेलमेट पहनाकर उसकी कार्य स्थितियों का जायजा लिया गया। परीक्षण के दौरान पाया गया कि एसी हेलमेट में एक इनबिल्ट कूलिंग सिस्टम है, जिससे ठंडी हवा सीधे पुलिस कर्मी के चेहरे तक पहुंचती है। यह विशेषत: उन स्थितियों में कारगर है, जब सड़क पर तापमान 40 डिग्री से ऊपर चला जाता है और धूप व गर्म हवाएं सीधे शरीर पर असर डालती हैं।












